लातेहार में कांवड़ियों की गाड़ी बिजली पोल से टकराई, पांच की मौत

लातेहार: जिले के बालूमाथ में गुरुवार तड़के हुए एक सड़क हादसे में पांच कांवड़ियों की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। मिली जानकारी के अनुसार, देवघर से लौट रही कांवड़ियों से भरी गाड़ी बालूमाथ कस्बे के टमटम टोला के पास एक बिजली पोल से अनियंत्रित होकर टकरा गई, जिससे बिजली का 11 हजार वोल्ट का तार गाड़ी पर गिर पड़ा और करंट की चपेट में आने से चार महिलाओं व ड्राइवर की मौके पर ही मौत हो गई जबकि पांच अन्य लोग बुरी तरह झुलस गए।
मृतकों में रंगीली कुमारी, अंजली कुमारी, सविता देवी,शांति देवी और ड्राइवर दिलीप उरांव शामिल हैं। झुलसे हुए लोगों के नाम हनेश यादव, चरकु यादव, हरिनंदन यादव, परमेश्वर यादव और रीना कुमारी हैं। ये सभी लोग बालूमाथ थाना क्षेत्र के मकईयाटांड़ और हेमपुर चितरपुर के रहने वाले हैं। सभी लोग एक गाड़ी पर देवघर बाबाधाम गए थे। वहां पूजा-अर्चना के बाद लौट रहे थे।
घटना के बाद कांवड़ियों की चीख-पुकार पर मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। बाद में मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को इलाज के लिए स्थानीय अस्पताल में दाखिल कराया। दो लोगों की गंभीर स्थिति देखते हुए उन्हें रिम्स भेजा गया है। अन्य का इलाज बालूमाथ प्रखंड अस्पताल में चल रहा है। डीएसपी आशुतोष सत्यम ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही तत्काल मौके पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस से सभी को घायलों को अस्पताल पहुंचाया। मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए लातेहार सदर अस्पताल भेजा गया है।
