वायनाड जाने से कतरा रहे हैं राहुल-प्रियंका, बीजेपी प्रवक्ता ने वीडियो किया शेयर

नई दिल्ली, 31 जुलाई (आईएएनएस)। बीजेपी प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने कांग्रेस सांसद राहुल गांधी और उनकी बहन प्रियंका गांधी पर कटाक्ष किया है। सोशल मीडिया एक्स एकाउंट से एक वीडियो शेयर किया। वीडियो में शहजाद पूनावाला ने कहा कि इन्हें जब सीट चाहिए, वोट चाहिए तो दक्षिण भारत याद आएगा, केरल और वायनाड याद आएगा।

भाई जब अमेठी से जीत नहीं पाए तो वायनाड चले गए। चुनाव लड़ने के लिए बहन को वायनाड भेज दिया। लेकिन, आज जब वायनाड, केरल को आप की जरूरत है तो आंख मूंद कर दूसरी तरफ देख रहे हैं।

ये लोग बहाना बनाकर वहां जाने से भी कतरा रहे हैं। और दूसरी ओर इस प्राकृतिक और मानव निर्मित आपदा में लोगों की मदद करने के लिए आरएसएस आगे आया है। उन्होंने कहा कि रेस्क्यू ऑपरेशन करने के लिए एनडीआरएफ की टीमें भी लगी हुई हैं। इस आपदा में मरने वालों का आंकड़ा 205 पहुंच गया है।

शहजाद पूनावाला ने कहा कि सवाल यह पूछना चाहिए कि यह मानव निर्मित आपदा आई क्यों। यह स्थिति बनी क्यों, क्योंकि वहां पर ग्रीन क्षेत्र को खत्म कर अवैध निर्माण किया गया। अवैध तरीके से सबसे ज्यादा रिसोर्ट बनाए गए। जब यह सब हो रहा था तो स्थानीय सांसद राहुल गांधी ने अपनी आंखें मूंद ली थी। वहां की सरकार ने अवैध निर्माण होने दिया। आज केरल के लोगों पर इतना बड़ा संकट आया है और राहुल गांधी और प्रियंका गांधी गायब हैं।

इधर, राहुल गांधी ने बीते दिनों एक्स पर पोस्ट किया। उन्होंने लिखा कि प्रियंका और मैं कल भूस्खलन से प्रभावित परिवारों से मिलने और स्थिति का जायजा लेने के लिए वायनाड जाने वाले थे। हालांकि, लगातार बारिश और प्रतिकूल मौसम की स्थिति के कारण हमें अधिकारियों द्वारा सूचित किया गया कि हम विमान से उतर नहीं पाएंगे। मैं वायनाड के लोगों को आश्वस्त करना चाहता हूं कि हम जल्द से जल्द वहां जाएंगे। इस बीच, हम स्थिति पर बारीकी से नजर रखेंगे और सभी आवश्यक सहायता प्रदान करेंगे।

–आईएएनएस

डीकेएम/एसकेपी

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More