बोकारो: गोमिया के पूर्व विधायक ने सीएम हेमंत सोरेन से की मुलाकात

बोकारो: झारखंड राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग (जेएससीबीसी) के अध्यक्ष सह गोमिया के पूर्व विधायक योगेंद्र प्रसाद महतो ने राजधानी रांची में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से भेंट की. उन्होंने मुख्यमंत्री से पिछड़ा वर्ग के उत्थान से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की. आयोग की ओर से ट्रिपल टेस्ट की अनुशंसा और संबंधित विषयों से अवगत कराते हुए इससे जुड़े ज्वलंत मुद्दों पर चर्चा की. इसके अलावा वर्ग में लिए गए महत्वपूर्ण फैसलों आदि की भी जानकारी उन्होंने मुख्यमंत्री को दी.
जेएससीबीसी अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री को गोमिया विधानसभा क्षेत्र में जनहित से जुड़े विभिन्न मामलों से अवगत कराते हुए त्वरित निष्पादन करने पर भी बल दिया. मुख्यमंत्री ने गोमिया के पूर्व विधायक की बातों को गंभीरतापूर्वक सुनने के उपरांत त्वरित गति से उचित कार्रवाई करने का भरोसा दिया है. इस दौरान झारखंड राज्य अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष हिदायतुल्लाह खान भी उपस्थित थे.
