बोकारो: सड़क निर्माण में बरती जा रही भारी अनियमितता, ग्रामीणों में आक्रोश

बोकारो: जिला स्थित पेटरवार प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत अरजुवा पंचायत के तेनुघाट डैम के विस्थापित गांव गागा में लगभग 4 करोड़ रुपए की लागत से प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत ग्राम गागा से मेरदारू तक सड़क का निर्माण कार्य किया जा रहा है. इस सड़क का शिलान्यास गिरिडीह सांसद चंद्रप्रकाश चौधरी और गोमिया विधायक डॉ लम्बोदर महतो ने संयुक्त रूप से किया था. यह काम क्लासिक कंपनी ने लिया था जिसके द्वारा काम की शुरुआत की गयी मगर काम की शुरुआत में ही सड़क का निर्माण घटिया क्वालिटी से किया गया. इसका स्थानीय ग्रामीणों के द्वारा विरोध किया गया. सड़क के निर्माण में ठेकेदार के द्वारा भारी अनियमितता बरती जा रही है. ठेकेदार के द्वारा सड़क के निर्माण में प्राक्कलन को अनदेखा कर जैसे तैसे सड़क का निर्माण किया जा रहा है. जहां सड़क की मोटाई 6 इंच की होनी चाहिए उस स्थान पर ठेकेदार के द्वारा कार्य में लीपा पोती कर महज डेढ़ से दो इंच की ढलाई कर सड़क का निर्माण किया जा रहा है.
ठेकेदार नहीं सुन रहा किसी की बात
मामले पर स्थानीय निवासी ललिता देवी ने बताया कि जहाँ सड़क 6 इंच ढालना है, वहां ठेकेदार के मनमानी तरीके से डेढ़ से दो इंच ढाल कर निकल जा रहा है. ठेकेदार किसी की बात भी नहीं सुन रहा. इससे अच्छा पुराना वाला ही सड़क सही था. वहीं, संजू देवी ने बताया कि सड़क पुराना वाला ही सही था. अभी सड़क ढलाई भी अच्छी तरह से नहीं हो रही है और सड़क ढलने के बाद घर में पानी घुस जा रहा है जिससे आपस में तनाव उत्पन्न हो जा रहा है. कुंती देवी ने बताया कि सड़क ऐसा ढलाई किया गया है कि घर में पानी घुस जा रहा है और मात्र दो इंच ही ढलाई कर रहा है. सुरेश यादव ने बताया कि ठेकेदार कभी भी देखने नहीं आया कि कैसे काम हो रहा है.
ग्रामीणों में आक्रोश
सड़क निर्माण प्राक्कलन के अनुसार काम नहीं होने से ग्रामीणों ने आक्रोश व्यक्त किया एवं ठेकेदार पर अनियमितता बरतने का आरोप लगाया. ग्रामीणों ने कहा कि सड़क के बीच में महज डेढ़ से 2 इंच की ढलाई कर निर्माण में जमकर ठेकेदार के द्वारा लुटखसोट की जा रही है. कहा गया कि पुराना सड़क इससे कहीं अधिक मजबूत व टिकाऊ था. यह सड़क सिर्फ सड़क बनाने के नाम पर सरकारी राशि की लूट खसोट है. अगर सड़क बनाना ही है तो उचित मापदंड के अनुसार निर्माण होनी चाहिए जिससे सड़क लंबे समय तक चल सके और सरकारी पैसों की बर्बादी ना हो. ग्रामीणों ने उपायुक्त महोदया से जांच कर ठेकेदार के ऊपर कारवाई करने एवं सड़क को सही तरीके से बनाने की मांग की है.
गागा से मेर दारू मुख्य पथ बोकारो जिला को रामगढ़ जिला से जोड़ती है
गागा से मेर दारू मुख्य पथ बोकारो जिला को रामगढ़ जिला से जोड़ती है. प्रखंड क्षेत्र के मेरुदारू, अरजुवा, ओरदाना, पतकी सहित अन्य गांव के लोगों का रामगढ़ जिला के रजरप्पा जाने का एक मुख्य मार्ग है. जहां लोग रोजगार हेतु प्रतिदिन आवागमन करते हैं. सड़क के निर्माण होने से गांव से रामगढ़ जिला के विभिन्न क्षेत्रों में कार्य करने वाले लोगों को आवागमन में आसानी होगी.
विधायक व जेई ने दोषी पर कार्रवाई करने की कही बात
मामले पर विभाग के जेई मनीष कुमार ने कहा कि सड़क की निर्माण कार्य की जांच की जाएगी तत्पश्चाप इस पर कार्रवाई की जाएगी. मामले पर गोमिया विधायक डॉ लंबोदर महतो ने कहा कि यदि प्राक्कलन के अनुसार कार्य नहीं हो रहा है तो आवश्यक कार्रवाई की जाएगी जो भी दोषी है उसे बख्सा नहीं जायेगा. मुखिया उर्मिला देवी ने कहा कि ठेकेदार को फोन करने पर फोन हम जनप्रतिनिधि का भी नहीं उठता है तो आम जनता का क्या सुनेगा.
