“हेमंत के पांच महीने कौन वापस देगा” मेडन स्पीच में कल्पना के निशाने पर भाजपा

रांची: अब तक सदन के बाहर भाजपा को घेरती रही कल्पना सोरेन का आज सदन के अंदर बेहद आक्रामक अंदाज देखने को मिला. मानसून सत्र में अपना मेडन स्पीच देते समय कल्पना सोरेन ने यह सवाल दाग कर भाजपा के सामने मुश्किल खड़ी कर दी कि हेमंत के वह पांच महीने कौन वापस लाकर देगा? जिन आरोपों की आड़ में  हेमंत को झारखंड की सत्ता से हटाने का षडयंत्र रचा गया था, जिन आरोपों का पुलिंदा लेकर भाजपा भ्रष्टाचार का पहाड़ खड़ा कर रही है, वह तो कोर्ट में कहीं टिक नहीं पाया. लेकिन इन आरोपों के कारण हेमंत सोरेन को जो पांच महीने कोलकोठरी में बिताना पड़ा, उसका गुनहगार कौन है? क्या भाजपा इस गुनाह को स्वीकार करती है? इस गुनाह की सजा लोकसभा चुनाव में वह भुगत चुकी है और विधान सभा चुनाव में भी राज्य की आदिवासी-मूलवासी जनता इसका माकूल जवाब देने को तैयार बैठी है.

पिछड़ों के आरक्षण पर किसने चलाई थी कैंची, जवाब दे भाजपा

भाजपा को घेरते हुए कल्पना सोरेन ने पूछा कि हेमंत सरकार ने तो पिछड़ी जातियों को 27 फीसदी का आरक्षण दिया, लेकिन भाजपा को इसका जवाब देना चाहिए कि पिछड़ों के इस 27 फीसदी आरक्षण पर किसकी कैंची चली थी, किसने पिछड़ों के आरक्षण को 27 के बदले 14 फीसदी करने का निर्णय लिया था. कौन है पिछड़ों का गुनाहगार? भाजपा की साजिश पूरे देश में गुजरात मॉडल लागू करने की है, बहुमत वाली सरकारों को गिरा कर कमल खिलाने का, उसे सनक सवार है. लेकिन यह झारखंड है, यहां गुजरात मॉडल नहीं चलने वाला. झारखंड में वापसी का सपना पाले भाजपा को पहले इस बात का जवाब देना चाहिए कि एक निर्दोष आदिवासी सीएम को झूठे आरोपों में जेल में क्यों रखा? 

कल्पना सोरेन के भाषण के बीच विपक्ष का हंगामा

जब कल्पना सोरेन यह सवाल खड़ा कर रही थी, उस वक्त सदन में हंगामा मचा था. एक तरफ विपक्ष के विधायक नारेबाजी कर रहे थें, वहीं सत्ता पक्ष से जुड़े विधायक उसी तेजी से नारेबाजी का जवाब दे रहे थें. स्पीकर रवीन्द्रनाथ महतो की ओर से सत्ता पक्ष और विपक्ष के विधायकों को समझाने की कोशिश की जा रही थी. इस हंगामें के बीच नेता प्रतिपक्ष और स्पीकर के बीच भी तीखी नोक-झोंक भी देखने को मिली. 

 

लेखक के बारे में

By Devendra Kumar

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More