उत्तर प्रदेश सरकार ने 12 हजार 909 करोड़ 93 लाख का अनुपूरक बजट पेश किया

लखनऊ: उत्तर प्रदेश विधानमंडल सत्र के दूसरे दिन योगी सरकार ने विधानसभा में 12 हजार 909 करोड़ 93 लाख का अनुपूरक बजट पेश किया। इसमें मुख्य रूप से औद्योगिक विकास, परिवहन, ऊर्जा और गंगा एक्सप्रेसवे के लिए धनराशि का इंतजाम किया गया है।

वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने मंगलवार को विधानसभा में 12 हजार 909 करोड़ 93 लाख का अनुपूरक बजट पेश किया। इसमें से ऊर्जा के लिए 2,000 करोड़, परिवहन के लिए 1,000 करोड़, अमृत योजना के लिए 600 करोड़ है। राज्य सरकार इसमें से विकास कार्यों के लिए 7,981.98 करोड़ रुपये खर्च करेगी, जबकि राजस्व मद में 4,227.94 करोड़ रुपये खर्च करेगी और यह इस साल फरवरी में पेश किए गए 7.36 लाख करोड़ रुपये के मूल बजट का 1.66 प्रतिशत है।

सुरेश खन्ना ने सदन में प्रश्न प्रहर खत्म होते ही अनुपूरक बजट पेश किया। इस दौरान नेता सदन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी मौजूद रहे। सुरेश खन्ना ने कहा कि राज्य सरकार 2,000 करोड़ रुपये ऊर्जा क्षेत्र के लिए खर्च करेगी। वहीं, परिवहन विभाग को 1,000 करोड़ रुपये ज्यादा की धनराशि दी गई है, जो बसों की खरीद पर खर्च होगी। इसके अलावा कौशल विकास के लिए 200 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।

वित्त मंत्री ने बताया कि ओपन जिम के लिए 100 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। साथ ही अनुपूरक बजट में माध्यमिक शिक्षा विभाग के तहत 284 राजकीय इंटर कॉलेज में लैब की स्थापना के लिए 28.40 करोड़ रुपए तथा 1,040 राजकीय माध्यमिक विद्यालयों में आईसीटी लैब की स्थापना के लिए 66.82 करोड़ रुपये की व्यवस्था प्रस्तावित है।

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More