बिहार विधान परिषद की सदस्यता गंवा चुके सुनील सिंह को राजद ने किया सम्मानित

पटना, 29 जुलाई (आईएएनएस)। बिहार विधान परिषद से सदस्यता गंवाने वाले सुनील सिंह को राजद ने सोमवार को सम्मानित किया। इस मौके पर राजद के प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह ने कहा कि लोकतंत्र के लिए पद का बलिदान देने वाले सुनील सिंह के सम्मान में पूरा राजद परिवार खड़ा है। इस मौके राजद के कई नेता उपस्थित रहे।

राजद प्रदेश कार्यालय में आयोजित सम्मान सभा को संबोधित करते हुए जगदानंद सिंह ने कहा कि यह लड़ाई आगे भी जारी रहेगी। आम जनता को संदेश देना है कि बहस और मुद्दे की बातें उठाकर सुनील सिंह ने लोकतंत्र को जीवंत रखा। आज ऐसे योद्धा का हम सभी सम्मान करते हैं।

इस मौके पर पूर्व एमएलसी और पार्टी के राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष सुनील सिंह ने कहा कि एमएलसी पद तो बहुत छोटी बात है, अगर लालू यादव के विचार और जनता के मुद्दे पर मुझे दस एमएलसी पद भी त्यागना पड़े तो मैं सहर्ष रूप से स्वीकार कर सकता हूं। उन्होंने कहा कि मेरी आवाज को सदन में सत्ता पक्ष रोक सकता है, लेकिन, सड़क पर नहीं रोक सकता।

उन्होंने कहा कि मैं क्षत्रिय समाज से आता हूं, सदस्यता खत्म करने से पहले मुझे बोलने का मौका नहीं दिया गया। मैं उन सभी को माफ करने की बात सदन में कहता। क्योंकि, यह समाज माफ करने पर विश्वास करता है।

उल्लेखनीय है कि राजद के एमएलसी सुनील सिंह की विधान परिषद की सदस्यता शुक्रवार को समाप्त कर दी गई। सुनील सिंह के खिलाफ यह कार्रवाई प्रदेश के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की नकल करने के मामले में की गई है। यह फैसला विधान परिषद की आचार समिति की रिपोर्ट के बाद लिया गया है। राजद एमएलसी पर आरोप था कि उन्होंने सदन में असंसदीय और अमर्यादित व्यवहार किया। विधान परिषद की आचार समिति की रिपोर्ट आने के बाद सभापति अवधेश नारायण सिंह ने सुनील सिंह की सदस्यता रद्द करने के आदेश दिए।

–आईएएनएस

एमएनपी/सीबीटी

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More