झारखंड के पूर्व मंत्री बच्चा सिंह का निधन, सीएम हेमंत बोले- हमेशा मजदूरों के लिए लड़ते रहे

रांची, 29 जुलाई (आईएएनएस)। झारखंड सरकार के पूर्व मंत्री बच्चा सिंह का सोमवार दोपहर धनबाद में निधन हो गया। वह लंबे समय से बीमार थे और अस्पताल में वेंटिलेटर पर थे। उनके निधन पर झारखंड के सीएम हेमंत सोरेन, पूर्व सीएम और झारखंड प्रदेश भाजपा अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी सहित कई अन्य लोगों ने गहरा दुख व्यक्त किया।

बच्चा सिंह धनबाद जिले के झरिया विधानसभा क्षेत्र से वर्ष 2000 में विधायक चुने गए थे। इसके बाद झारखंड के पहले सीएम बाबूलाल मरांडी की कैबिनेट में नगर विकास मंत्री बनाए गए थे। उनका ताल्लुक धनबाद कोयलांचल में राजनीतिक-आर्थिक वर्चस्व के लिए चर्चित ‘सिंह मेंशन’ परिवार से था। वह 1980-90 के दशक में धनबाद कोयला क्षेत्र में ‘माफिया किंग’ के रूप में चर्चित रहे सूरजदेव सिंह के छोटे भाई थे।

झारखंड के सीएम हेमंत सोरेन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, ”झारखंड सरकार में पूर्व मंत्री और झरिया विधानसभा के पूर्व विधायक बच्चा सिंह जी के निधन का दुःखद समाचार मिला। वे हमेशा मजदूरों के हक और अधिकार की लड़ाई लड़ते रहे। परमात्मा दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान कर शोकाकुल परिवारजनों को दुख की यह विकट घड़ी सहन करने की शक्ति दें।”

झारखंड के प्रदेश भाजपा अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने भी संवेदना व्यक्त करते हुए लिखा, ”झरिया के पूर्व विधायक, झारखंड के पूर्व मंत्री रहे बच्चा सिंह जी के निधन का दुखद समाचार प्राप्त हुआ। ईश्वर उनकी दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें तथा शोकाकुल परिजनों को यह अपार दुख सहन करने की शक्ति दें।”

वहीं, झरिया से विधायक पूर्णिमा नीरज सिंह ने भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, ”कोयलांचल और मजदूरों की मुखर आवाज आज सदा के लिए शांत हो गई। झारखंड के प्रथम नगर विकास मंत्री और मेरे बड़े ससुर बच्चा सिंह जी का लंबी बीमारी के बाद आज निधन हो गया। अंतिम दर्शन हेतु वह निवास ‘सूर्योदय’ पर आज रहेंगे, उसके उपरांत अपनी अंतिम यात्रा हेतु काशी के लिए प्रस्थान करेंगे।”

–आईएएनएस

एसएनसी/एबीएम

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More