बिहार के बाद झारखंड में सत्ता की चाभी थामने की तैयारी में नीतीश!

रांची– झारखंड गठन के बाद झारखंड की सियासत में एक मजबूत पार्टी बन कर सामने आयी जदयू का आज एक भी विधायक नहीं है. वर्ष 2019 में भाजपा गठबंधन से अलग होकर जदयू ने 40 सीटों पर चुनाव लड़ा, लेकिन एक सीट पर भी सीट पर जीत नहीं मिली. जदयू के प्रदेश अध्यक्ष सालखन मुर्मू को खुद भी हार का सामना करना पड़ा, अपने विधान सभा में वह 12वें नम्बर थें. इसके पहले वर्ष 2014 में 45 सीटों पर चुनाव लड़ कर भी जदयू अपनी स्वतंत्र सियासी कुब्बत का इम्तिहान ले चुकी है. तब भी जदयू का हाथ खाली ही रहा था, लेकिन इस बार जदयू की रणनीति भाजपा-आजसू की उंगली पकड़ झारखंड के सियासी मैदान में अपनी उपस्थिति दर्ज करने की है. उसकी चाहत 11 सीटों पर चुनाव लड़ने की है. झारखंड प्रदेश कमेटी की ओर से जदयू सुप्रीमो नीतीश कुमार को सीटों की सूची थमा दी गयी है, यह वह सीटें हैं, जहां जदयू अपने को मजबूत मानती है.
जदयू की चाहत से आजसू भाजपा में बेचैनी
लेकिन की इस जदयू की चाहत से आजसू भाजपा की बेचैनी बढ़ी हुई है. अभी तक झारखंड की 81 सीटों पर आजसू भाजपा के बीच ही घमासान था. अब इसमें एक और नये खिलाड़ी का दस्तक होने जा रहा है. भाजपा की मुश्किल यह है कि वह कम से कम 70 सीटों पर अपना प्रत्याशी उतारना चाहती है. उसकी रणनीति आजसू के खाते बामुश्किल 10 से 12 सीटें डालने की थी, लेकिन आजसू कम से कम दो दर्जन सीटों पर अपनी दावेदारी ठोक रही है और इस संकट बीच अब जदयू की ओर से 11 सीटों की सूची थमाई जा रही है. यानि यदि आजसू जदयू के दावेदारी को जोड़ दे, तो यह आंकड़ा 36 तक जाता है. इस प्रकार भाजपा के हिस्से महज 45 सीटें ही रह जाती है और यहीं से जदयू भाजपा और आजसू के बीच 36 के रिश्ते की आशंका तेज हो रही है.
सवाल सिर्फ सीटों की संख्या का नहीं, जदयू के सियासी साख का भी है
दरअसल सवाल सिर्फ सीटों की संख्या को लेकर नहीं है, सवाल उस रणनीति का भी है, जिस राह पर जदयू आगे बढ़ती दिख रही है. यही रणनीति भाजपा के रणनीतिकारों को परेशान किये जा रहा है. इस बात की बेचैनी तेज है कि यदि जदयू गठबंधन के तहत सात से आठ सीटें भी जीतने में कामयाब हो जाती है, तो फिर झारखंड में एक नये सियासी खेल की शुरुआत हो सकती है. भाजपा 45 सीटों पर चुनाव लड़ कर 35-36 सीट लाने में कामयाब भी हो जाती है, उसके बाद जदयू की भूमिका क्या होगी, इसका आकलन बेहद मुश्किल है? अब तक तो नीतीश कुमार अपनी उलटवासियों से बिहार की सियासत में ही भाजपा को अंदर-बाहर का खेल करवाते रहे हैं. तीसरे नम्बर की पार्टी होकर भी सत्ता को अपने हिसाब से हांकते रहे है. कल यदि नीतीश के हाथ सात से आठ विधायक हाथ लग गयें तो फिर बिहार का वह खेल झारखंड में भी शुरु हो सकता है. यही कारण है कि भाजपा जदयू को झारखंड में उस हद तक जाने देना नहीं चाहती कि वह अपने सात आठ सीटों के साथ आजसू के साथ मिलकर एक नया गुल खिला दें. लेकिन मुश्किल यह है कि जिस तरीके से केन्द्र की सत्ता की चाभी नीतीश के हाथ में है, पाला बदला नहीं कि सत्ता की बुनियाद हिली, बिहार की सियासत में आरक्षण विस्तार का जो कांटा फंसा है, नीतीश कुमार अपनी नई आरक्षण नीति को संविधान की नौवीं अनुसूची में डालने का दवाब डाल रहे हैं, यदि झारखंड में जदयू को सम्मानजनक सीटें नहीं दी गई तो अपनी पलटबाजियों के लिए कुख्यात नीतीश का अगला कदम क्या होगा, इसका आकलन बेहद मुश्किल और आसान भी है.
