Hazaribagh News: सेना के जवान धनंजय कुमार की संदिग्ध मौत पर निष्पक्ष जांच की मांग

हजारीबाग एसपी अमन कुमार को मांग पत्र सौंपते पूर्व सैनिक वेलफेयर ट्रस्ट के सदस्य।

हजारीबाग: पूर्व सैनिक वेलफेयर ट्रस्ट, एसोशिएशन झारखंड के केंद्रीय अध्यक्ष अरविंद ओझा के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने आज हजारीबाग के पुलिस अधीक्षक अमन कुमार से शिष्टाचार भेंट की तथा कटकमसांडी प्रखंड अंतर्गत कंचनपुर गांव निवासी सेना के जवान धनंजय कुमार (29 वर्ष), पिता राजकुमार देव, की संदिग्ध मृत्यु के मामले में शीघ्र एवं निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा।

ज्ञापन में बताया गया कि आर्मी जवान धनंजय कुमार की 11 सितंबर 2026 को जंगल में पेड़ से लटका हुआ शव मिलने की घटना अत्यंत गंभीर एवं चिंताजनक है। परिवार द्वारा आत्महत्या की आशंका से इनकार किए जाने के मद्देनजर मामले की सभी पहलुओं से जांच कराने की मांग की गई, साथ ही सदस्यों ने एसपी महोदय से पोस्टमार्टम रिपोर्ट, घटनास्थल, मोबाइल की फोरेंसिक जांच एवं अन्य डिजिटल साक्ष्यों की निष्पक्ष जांच कर सच्चाई सामने लाने का आग्रह किया। किसी भी आपराधिक संलिप्तता के प्रमाण मिलने पर दोषियों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई कर मृतक जवान के परिवार को न्याय दिलाने की मांग की।

केंद्रीय अध्यक्ष अरविंद ओझा ने कहा कि पूर्व सैनिक वेलफेयर ट्रस्ट एसोशिएशन प्रत्येक जवान एवं उनके परिवार के सम्मान, सुरक्षा और न्याय के लिए प्रतिबद्ध है। मौके पर केंद्रीय अध्यक्ष अरविंद ओझा, उप सचिव रामनंदन मिश्रा, उप मीडिया प्रभारी भोलानाथ प्रसाद, हजारीबाग जिला मीडिया प्रभारी मनोज गोप, वरिष्ठ सलाहकार शिव शंकर कुमार एवं मृतक जवान धनंजय कुमार देव के पिता रामकुमार देव,भाई विजय कुमार देव उपस्थित थे।

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More