नक्सलियों के शहीदी सप्ताह को विफल करने हेतु झारखण्ड पुलिस पूरी तरह मुस्तैद: आईजी

राँची: भाकपा माओवादी नक्सली संगठन द्वारा कामरेड चारु मजूमदार एवं कन्हाई चटर्जी के शहादत दिवस के अवसर पर 28 जुलाई से 3 अगस्त तक मनाए जा रहे शहीदी सप्ताह के खिलाफ झारखण्ड पुलिस पूरी तरह मुस्तैद है, उसी क्रम में रविवार को चाईबासा के कोल्हान सारंडा क्षेत्र में सुरक्षा बलों को क्षति पहुँचाने के उद्देश्य से आईईडी बमों व नक्सली पोस्टर को बरामद किया गया. बरामदगी चाईबासा के टोन्टो थानान्तर्गत तुम्बाहाटा क्षेत्र में हुई जहां नक्सलियों की ओर से सुरक्षाबलों को नुकसान पहुँचाने के लिए 5 किलो का आईईडी लगाया गया था।
पुलिस महानिरीक्षक (ऑपरेशन) अमोल वेणुकांत होमकर ने इस संबंध में बताया कि नक्सलियों की ओर से पोस्टर एवं पम्पलेट के माध्यम दहशत फैलाने का प्रयास किया गया है। शहीदी सप्ताह के दौरान नक्सलियों के द्वारा सरकारी सम्पति, सड़क एवं रेल की सम्पतियों को नुकसान पहुँचाने का प्रयास किया जा सकता है। इसे लेकर चाईबासा के सारंडा, कोल्हान, सरायकेला, लातेहार, चतरा गया बोर्डर एवं पारसनाथ में संयुक्त सुरक्षा बलों के द्वारा लगारतार अभियान चलाये जा रहें हैं।
उन्होंने कहा कि नक्सलियों द्वारा विशेष कर रेल मार्ग एवं सड़कों पर जहाँ छोटी-मोटी घटनाएं कारित कर अपना अस्तित्व बचाने का प्रयास किया जा रहा है। जनमानस की सुरक्षा, सरकारी सम्पति की सुरक्षा, पब्लिक ट्रंसपोर्ट एवं ग्रामीणों के बीच सुरक्षा की भावना उत्पन्न करने हेतु पुलिस मुख्यालय के द्वारा पर्याप्त संख्या में संयुक्त सुरक्षाबलों की तैनाती की गयी है। उन्होंने दावा किया कि दिनों दिन नक्सलियों का जनाधार घट रहा है एवं उनकी बौखलाहट सामने आ रही है, ऐसे में उनके द्वारा अपना वजूद बचाने का प्रयास किया जा रहा है और उनका उद्देश्य अब सिर्फ लेवी वसूली रह गया है।
विगत 25 जुलाई को हार्डकोर नक्सली विवेक की पत्नी जया उर्फ चिंता, सैट सदस्य की गिरफ्तारी के बाद नक्सलियों द्वारा बन्द बुलाया गया था, जिसे सुरक्षा बलों द्वारा विफल कर दिया गया। हाल के दिनों में पुलिस के बढ़ते दबाव के कारण कई दुर्दान्त नक्सलियों द्वारा आत्मसमर्पण किया गया है अथवा पुलिस मुठभेड़ में मारे गये हैं। बचे हुए सभी नक्सलियों से अनुरोध है कि पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण कर मुख्य धारा में वापस लौट जाएं।
