झारखंड में नए राज्यपाल की नियुक्ति या बीजेपी की नई चुनावी रणनीति

रांची: संतोष गंगवार झारखंड के 11वें राज्यपाल होंगे। शनिवार रात राष्ट्रपति भवन से जारी अधिसूचना के मुताबिक उत्तर प्रदेश के बरेली से आठ बार सांसद और पूर्व केंद्रीय मंत्री रहे संतोष गंगवार निवर्तमान राज्य सीपी राधाकृष्णन का स्थान लेंगे, जिन्हें झारखंड से महाराष्ट्र भेजा गया है। संतोष गंगवार को बरेली का विकास पुरूष भी कहा जाता है। तमिलनाडु निवासी सीपी राधाकृष्णन का कार्यकाल महज एक साल 135 दिन का रहा। 

नए राज्यपाल ने पीएम मोदी का जताया आभार

झारखंड के नवनियुक्त राज्यपाल संतोष गंगवार ने नई जिम्मेदारी मिलने पर प्रधानमंत्री मोदी के प्रति आभार जताते हुए नयी जिम्मेदारी पर खरा उतरने की बात कही है. उन्होंने कहा ‘‘पीएम मोदी ने मेरे लिए जो नयी जिम्मेदारी दी है, उस पर खरा उतरूंगा. बरेली की जनता का आभार, जिसने मुझ जैसे सामान्य कार्यकर्ता पर लगातार भरोसा जताया. लगातार अटूट विश्वास और प्यार बनाए रखा.’’

मुख्यमंत्री ने नए राज्यपाल को दी बधाई

संतोष गंगवार को झारखंड का राज्यपाल बनने पर प्रदेश के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने बधाई दी है। अपने सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर इस संबंध में उन्होंने लिखा, “ झारखण्ड के नव नियुक्त राज्यपाल आदरणीय संतोष गंगवार जी को हार्दिक बधाई, शुभकामनाएं और जोहार। झारखण्ड की महान और वीर भूमि पर आपका हार्दिक स्वागत और अभिनंदन है। इसके अलावा उन्होंने निवर्तमान राज्यपाल सी पी राधाकृष्णन को महाराष्ट्र के राज्यपाल नियुक्त किये जाने पर भी बधाई एवं शुभकामनाएं दी है।  

बीजेपी की मजबूरी या नई चुनावी रणनीति

झारखंडल में बीते 3 सालों में यानी वर्तमान राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के 13 जुलाई 2021 को पद छोड़ने के बाद संतोष गंगवार तीसरे राज्यपाल हैं। द्रौपदी मुर्मू का कार्यकाल 6 साल 56 दिनों का रहा तो उनके बाद आए रमेश बैस का कार्यकाल 1 साल 218 दिन और सीपी राधाकृष्णन का कार्यकाल 1 साल 135 दिनों का रहा। ऐसे में हिन्दी भाषी न होना और आम लोगों से सीधे जुड़ नहीं पाने की वजह से सीपी राधाकृष्णन की जगह अब संतोष गंगवार भेजे गए हैं क्योंकि अगले दो-तीन महीनों में ही झारखंड में विधानसभा चुनाव की घोषणा होने वाली है तो ऐसे में किसी रणनीति के तहत संतोष गंगवार को झारखंड भेजे जाने से इंकार नहीं किया जा सकता। 

कौन हैं संतोष गंगवार

संतोष कुमार गंगवार उत्तर प्रदेश के बरेली लोकसभा सीट से भाजपा के टिकट पर आठ बार सांसद चुने जा चुके हैं. पूर्व पीएम अटल बिहारी वाजपेयी और नरेंद्र मोदी सरकार में वह केंद्रीय मंत्री भी रह चुके हैं. हालांकि बीते 18वीं लोकसभा चुनाव में भाजपा ने उन्हें टिकट नहीं दिया था। 1948 में जन्में संतोष गंगवार ने बरेली कॉलेज से ‘बीएससी’ की पढ़ाई के साथ साथ एलएलबी डिग्री भी हासिल की।

1984 लोकसभा चुनाव से उन्होंने अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत की लेकिन वह कांग्रेस उम्मीदवार और पूर्व राष्ट्रपति फखरुद्दीन अली अहमद की पत्नी आबिदा बेगम से चुनाव हार गए। 1989 के आम चुनाव में जीत हासिल कर वह पहली बार सांसद बने. इसके बाद 1991, 1996, 1998, 1999, 2004 में लगातार जीत दर्ज की। 2009 के चुनाव में कांग्रेस के हाथों उन्हें दूसरी बार चुनावी हार का सामना करना पड़ा। कुर्मी बिरादरी के प्रभावशाली नेता के रूप अपनी पहचान रखने वाले संतोष गंगवार हालांकि इसके बाद एक बार फिर से 2014 और 2019 के चुनाव में जीत हासिल की. 

लेखक के बारे में

By Shailendra Sinha

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More