दिल्ली को बर्बाद करने का काम केजरीवाल सरकार ने किया: वीरेंद्र सचदेवा

नई दिल्ली: राजेंद्र नगर के एक कोचिंग सेंटर के बेसमेंट में अचानक हुए जलभराव के कारण तीन छात्र डूब गए। तीनों के शव बरामद कर लिए गए हैं। इस पर भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) दिल्ली के प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने दिल्ली सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं।

उन्होंने एक वीडियो जारी कर अपनी आपत्ति जताई। सचदेवा ने कहा कि राजेन्द्र नगर में जो कल हुआ वह हादसा नहीं हत्या है। देश के युवा दिल्ली आकर अपना भविष्य बनाते हैं। लेकिन, दिल्ली सरकार के भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ गए। इस मामले पर कोई जवाबदेही देने को तैयार नहीं है। सचदेवा ने कहा कि बीते कुछ दिनों पहले मुखर्जी नगर में जो हादसा हुआ था, जिसमें कई बच्चों की जान फंस गई थी। उस दौरान दिल्ली सरकार ने कहा था कि वह इस मामले की जांच करवाएंगे।

दिल्ली फायर सर्विस, दिल्ली नगर निगम बिल्डिंग की जांच करवाने का दावा कर रहे थे। लेकिन, क्या हुआ उस जांच का। सचदेवा ने सवाल उठाए कि कैसे बेसमेंट में अवैध लाइब्रेरी चल रही थी। उन्होंने कहा कि तीन बच्चे कल चले गए, पांच दिन पहले एक बच्चा चला गया। यह सभी बच्चे दिल्ली में पढ़ने के लिए आए थे। लेकिन, दिल्ली सरकार की मंत्री अब तक हिम्मत नही जुटा पाईं कि मौके पर पहुंच सकें, और कहती हैं कि जांच करवाएंगी, क्या जांच करवाएंगे ये लोग?

सचदेवा ने कहा कि इस घटना के बाद आपको तुरंत इस्तीफा देना चाहिए, आप लोग इस भ्रष्टाचार के तंत्र खेल में शामिल हैं। सचदेवा ने कहा कि वहां की जनता बीते 10 दिनों से कह रही थी कि नालों की सफाई करवाएं ,क्यों नहीं करवाई गई। एक घंटे की बारिश में इतने बड़े बेसमेंट में पानी घुस जाता है। सचदेवा ने कहा कि पूरी दिल्ली को बर्बाद करने का काम दिल्ली सरकार ने किया है। जो भी इस भ्रष्ट तंत्र में शामिल है, उन पर कार्रवाई होनी चाहिए।

भाजपा प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने कहा कि देश की राजधानी में तीन भविष्य उजाड़ दिए गए। जो भारत की सेवा करते, तीन यूपीएससी परीक्षा की तैयारी करने वाले छात्र हमारे बीच नहीं रहे। इनकी हत्याओं के लिए कौन जिम्मेदार है? यह घटना नहीं हैं, यह राज्य प्रायोजित हत्याएं हैं। क्योंकि वहां पर यह क्लासेस इस प्रकार कैसे चल रही थी। नालों की सफाई नहीं हुई, स्थानीय लोग लगातार नालों की सफाई कराने को लेकर कहते रहे, लेकिन नालों की सफाई नहीं की गई।

पूनावाला आगे बोले, दिल्ली हाईकोर्ट ने कहा कि नालों की सफाई कराई जाए। थोड़ी सी बारिश में 28 जून को पूरी दिल्ली पानी-पानी हुई। बीते कुछ दिनों में हमने कुछ घटनाएं अपने सामने भी देखी। पटेल नगर में पानी भर गया तो एक यूपीएससी की तैयारी करने वाला छात्र करंट की चपेट में आया और उसकी मौत हो गई। सदरबाजार, भजनपुरा, रोहिणी समेत ऐसी कई घटनाएं सामने आई। भ्रष्टाचार के कारण अवैध गतिविधि चल रही हैं, जिसका खामियाजा दिल्लीवालों को भुगतना पड़ा रहा है।

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More