Koderma News: झुमरी तिलैया में गणपति आराधना के साथ गूंजे माता रानी के जयकारे और भजन

गणेश जी के आंगन में माता रानी के भजनों पर डांडिया खेलतीं महिलाएं व युवतियां।

कोडरमा: गणपति उत्सव में इन दिनों झुमरी तिलैया शहर भक्ति और आस्था के रंग में सराबोर है। शहर के विभिन्न इलाकों में गणेश प्रतिमाओं के समक्ष सुबह-शाम होने वाली आरती में सुख करता, दुख हरता की गूंज वातावरण को भक्तिमय बना रही है। वहीं झांझरी गली स्थित मधु-पप्पू सिंह के निवास स्थल पर चल रहे गणेश उत्सव में इस बार गणपति आराधना के साथ नवरात्र की भक्ति और डांडिया का अनूठा संगम देखने को मिल रहा है।

महिलाओं और युवतियों ने माता रानी के भजनों पर डांडिया करते हुए ऐसा भक्तिमय वातावरण बनाया कि पूरा परिसर जयकारों और भक्ति संगीत से गूंज उठा।मधु-पप्पू सिंह के निवास स्थल पर पिछले 14 वर्षों से दस दिनों तक गणेश पूजा एवं आराधना का आयोजन किया जा रहा है। प्रतिदिन सुबह और शाम भगवान गणेश की आरती के साथ श्रद्धालु पूजा-अर्चना में शामिल होते हैं।

इसके अलावा नियमित रूप से ताली कीर्तन का आयोजन भी किया जा रहा है, जिसमें धार्मिक संगठनों से जुड़े सदस्यों के साथ शुभचिंतक एवं वार्ड के श्रद्धालु भी उत्साहपूर्वक भाग ले रहे हैं। ताली कीर्तन के दौरान भजन गायकों मनोज लड्ढा, हार्दिक लड्ढा, रेकचंद जैन, महावीर खेतान, सीमा सहल, संगीता जेठवा एवं सीमा सिंह ने एक से बढ़कर एक भजनों की प्रस्तुति दी। भजनों की मधुर धुन और तालियों की गूंज के बीच श्रद्धालु भक्ति में झूमते नजर आए। पूरे आयोजन स्थल पर श्रद्धा, उल्लास और धार्मिक उत्साह का वातावरण बना रहा।

गणपति के आंगन में दिखा नवरात्र का रंग

गणेश उत्सव के दौरान नवरात्र की भक्ति का रंग भी देखने को मिला। कार्यक्रम की शुरुआत “गणेश जी के घर में पधारो, गजानंद जी मेरे घर में पधारो” जैसे भक्तिमय भजन से हुई। इसके बाद महिलाओं और युवतियों ने डांडिया के माध्यम से माता रानी की आराधना की। मन लेके आया माता रानी के भवन में… और ओ नाम ले, सबसे बड़ा तेरा नाम शेरावाली… जैसे भजनों पर डांडिया करते हुए महिलाएं और युवतियां भक्ति के सागर में गोते लगाती नजर आईं। डांडिया के दौरान पारंपरिक उत्साह और भक्ति का ऐसा संगम देखने को मिला, जिसमें धार्मिक आस्था के साथ उत्सव की उमंग भी साफ नजर आई। कार्यक्रम में शामिल श्रद्धालुओं ने एक-दूसरे के साथ उत्साहपूर्वक डांडिया करते हुए गणपति और माता रानी के जयकारे लगाए।

बड़ी संख्या में श्रद्धालु हुए शामिल

कार्यक्रम में रानी कालरा, अर्चना वर्मन, अन्नू कुमारी, नीलू सिंह, आराधना देवी, प्रियंका ओझा, रश्मि लड्ढा, बबीता कपसीमे, रीना पाठक, अदिति हर्षराज, नव्या ओझा, नायशा ओझा, सीमा जैन, रेखा कंधवे एवं माया देवी सहित बड़ी संख्या में महिलाएं एवं युवतियां शामिल हुईं।वहीं प्रमोद कंधवे, अधिवक्ता आर्यन हर्षराज, राजू अजमानी, अरविंद चौधरी, ऋषभ सिंह, रत्नेश प्रसाद, विवेक सहल, दीपेश जेठवा, मनोज अजमानी, अनिकेत कुमार, सुजीत सिंह, अभय पाठक, अजीत वर्मन, नवनीत ओझा, सुरेंद्र यादव, रणधीर कपसीमे, अविनाश कपसीमे एवं राहुल जेठवा समेत अन्य श्रद्धालुओं की भी उपस्थिति रही।आयोजकों के अनुसार दस दिवसीय गणेश पूजा-अर्चना के बाद 25 सितंबर को विधि-विधान के साथ भगवान गणेश की प्रतिमा का विसर्जन किया जाएगा। विसर्जन को लेकर भी श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह है।

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More