राजधनवार का खेल! बाबूलाल मरांडी को फंदे में लेने की तैयारी में महागठबंधन

रांची:14 वर्षों के सियासी वनवास के बाद भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के रुप में झारखंड की सत्ता में भाजपा की वापसी के लिए सियासी ताना बाना बूनते बाबूलाल मरांडी को उनके ही विधान सभा क्षेत्र में घेरने की कवायद तेज चुकी है, हालांकि इस चाल से बाबूलाल मरांडी भी अनजान नहीं है, और घात-प्रतिघात के इस खेल में वह भी महागठबंधन की हर चाल पर नजर बनाये हुए हैं. लेकिन जिस तरीके से महागठबंधन की ओर से सियासी विसात बिछायी जा रही है, उसके देखते हुए बाबूलाल को हर वक्त चौकस रहना होगा.

राजधनवार से भाजपा के अंदर दावेदारों की फौज

दरअसल, भले ही राजधनवार की सीट पर बाबूलाल का कब्जा हो, लेकिन भाजपा के अंदर  इस सीट से कई दावेदार है, वह चाहे वर्ष 2000 और 2005 में भाजपा का कमल खिलाने वाले रवीन्द्र कुमार राय हों या वर्ष 2019 में बाबूलाल के सामने ताल ठोक चुके लक्षमण प्रसाद सिंह या फिर कभी बाबूलाल के खास रहे अनूप कुमार सोंथालिया. हालिया दिनों में एक और नाम सामने आया है, वह है निरंजन राय का.

राजधनवार का खेल! बाबूलाल मरांडी को फंदे में लेने की तैयारी में महागठबंधन
अपने समर्थकों के साथ निरंजन राय ( फाइल फोटो)

 

निरंजन राय ने अपनी उम्मीदवारी का ताल ठोकते हुए यह दावा भी किया है कि यदि बाबूलाल खुद मैदान उतरते हैं, तो उस हालत में वह चुनावी अखाड़े से बाहर रहना पसंद करेंगे. क्योंकि बाबूलाल तीसरी का बेटा है, लेकिन यदि बाबूलाल चुनावी अखाड़े दूर होते हैं, उस हालत में वह मैदान में होंगे. जिस बैठक में निरंजन राय अपनी उम्मीदवारी का एलान कर रहे थें, बताया जाता है कि करीबन सभा पार्टियों के समर्थक मौजूद थें और सबों ने एक स्वर से निरंजन राय के प्रति अपने समर्थन का इजहार किया, हालांकि राजनीति में समर्थन और विरोध का भी अपना एक अंदाज और उसकी सियासत होती है.

लेकिन कुल मिलाकर राजधनवार में कमल चुनाव चिह्न के कई दावेदार हैं और बाबूलाल के चुनाव नहीं लड़ने की खबर मात्र से चेहरे पर मुस्कान है और यहीं से भीतरघात के खेल की शुरुआत भी होती है. दरअसल एक खबर यह भी है कि इस बार भाजपा बाबूलाल को किसी आदिवासी आरक्षित सीट से अखाड़े में उतारने की तैयारी में है. और इस हालात में रवीन्द्र कुमार राय और लक्षमण प्रसाद सिंह, निरंजन राय के बीच घमासान की स्थिति आ सकती है और यदि भाजपा ने बाबूलाल मरांडी को ही अखाड़े में उतारने का फैसला किया तो भी कांटे का संघर्ष देखने को मिल सकता है.

अल्पसंख्यकों के सहयोग से मिली थी बाबूलाल को जीत

दरअसल वर्ष 2019 में बाबूलाल की जीत में अल्पसंख्यक मतदाताओं के साथ ही यादव जाति के एक हिस्सा के अहम योगदान था. दावा किया जाता है कि उस वक्त बाबूलाल ने भाजपा के वोटों में सेंधमारी  के लिए अपने खास अनूप कुमार सोंथालिया को स्वतंत्र उम्मीदवार के रुप से मैदान में उतारा था और रणनीति  सफल रही.

जहां 52,352 वोट के साथ बाबूलाल को जीत का सेहरा मिला, वहीं भाजपा उम्मीदवार लक्ष्मण प्रसाद सिंह को 34,802 के साथ दूसरे स्थान पर संतोष करना पड़ा. जबकि बाबूलाल के मास्टर प्लान का हिस्सा रहे अनूप कुमार सोंथालिया के हिस्से 22,624 वोट आया. साफ है कि यदि अनूप कुमार सोंथालिया मैदान में नहीं उतरे होंते, तो यह वोट 22,624  भाजपा के हिस्से में जाता और बाबूलाल के सामने मुसीबत खड़ी हो जाती. 

अलहदा है बाबूलाल के लिए इस बार का सियासी गणित 

लेकिन इस बार का सियासी गणित कुछ अलहदा  है. 2019 में जब बाबूलाल भाजपा के खिलाफ हुंकार भर रहे थें, तब अल्पसंख्यक मतदाताओं ने भाजपा के खिलाफ उस लड़ाई में साथ दिया था, तब बाबूलाल में मुस्लिम मतदाताओं को उम्मीद दिखी थी. लेकिन 2019 की जीत के बाद बाबूलाल ना सिर्फ भाजपा की सवारी कर बैठे, बल्कि उसका खेवनहार भी है.

बदले सियासी हालात में बांग्लादेशी घुसपैठ बाबूलाल का प्रिय विषय है और इसी बांग्लादेशी घुसपैठ में भाजपा को अपनी वापसी की उम्मीद नजर आ रही है. लेकिन बड़ा सवाल यह है कि भाजपा के खेवनहार का राजधनवार में इस बार नैया पार कैसे होगी?  महागठबंधन की ओर से जिस तरीके से सियासी बिसात बिछाया जा रहा है, मोहरे चले जा रहे हैं, उसको देखते हुए भाजपा के वोटों में सेंधमारी की संभावना से इंकार नहीं किया जा सकता. 

क्या है बाबूलाल का नया मास्टर प्लान?

इन दिनों राजधनवार की सियासत में बाबूलाल के नये मास्टर प्लान की चर्चा तेज है. लेकिन इस बार बाबूलाल का मोहरा अनूप कुमार सोंथालिया नहीं होकर कोई मजबूत अल्पसंख्यक चेहरा होगा. मुस्लिम चेहरे की खोज शुरु भी हो चुकी है. रणनीति साफ है, मुस्लिम वोटों का बंटवारा, और यदि इस चाल में कामयाबी हाथ नहीं लगती है तो फिर ओवैसी की पार्टी ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन की एंट्री.

राजधनवार का खेल! बाबूलाल मरांडी को फंदे में लेने की तैयारी में महागठबंधन
राजकुमार यादव भूतपूर्व विधायक ( फाइल फोटो)

 

महागठबंधन की मुश्किल, चेहरा कौन?  

दूसरी ओर इंडिया गठबंधन की अंदर भी सब कुछ सहज-सामान्य नहीं है. एक तरफ वर्ष 2009 में झामुमो के बनैर तले जीत का परचम फहराने वाले निजामुद्दीन अंसारी को इस बात की उम्मीद है कि वह राजधनवार में इंडिया गठबंधन का चेहरा होंगे, वहीं 2014 में माले का लाल झंडा  गाड़ने वाले राजकुमार यादव  राजधनवार को माले की झोली में मान रहे हैं. इस हालत में यह सीट माले के पास रहेगी या झामुमो के खाते में जायेगी? धनवार में इसको लेकर अलग अलग दावे हैं.एक बड़ा सवाल है, यही भी है कि क्या यह सीट माले की झोली में जाती है तो निजामुद्दीन अंसारी बगावत झंडा बुलंद करेंगे और यदि ऐसा हुआ तो क्या बाबूलाल की राह आसान होने वाली है?

राजधनवार का खेल! बाबूलाल मरांडी को फंदे में लेने की तैयारी में महागठबंधन
भूतपूर्व विधायक निजामुद्दीन अंसारी

 

देखने वाली बात यह भी होगी कि यदि निजामुद्दीन अंसारी झामुमो का झंडा उतार किसी दूसरे चुनाव चिह्न पर मैदान में उतरते हैं, उस हालत में मुस्लिम मतदाताओं का रुख क्या होगा? वे महागठबंधन के साथ जायेंगे या फिर निजामुद्दीन अंसारी के प्रति अपनी निष्ठा का प्रर्दशन करेंगे? वैसे लोकसभा चुनाव में राजकुमार यादव की जो भूमिका रही है, और यह आरोप रहा है कि अंदरखाने भाजपा उम्मीदवार अन्नपूर्णा देवी का समर्थन किया, उस हालत में क्या माले राजकुमार यादव को अपना लाल झंडा देगी? आज माले के अंदर राजकुमार यादव की प्रतिबद्ता पर सवाल उठते दिख रहे हैं और यदि जातीय समीकरण की बात भी किया जाय तो माले के पास दूसरे कई मजबूत यादव चेहरे भी हैं. जिनकी प्रतिबद्धता भी अटूट है, देखना होगा कि माले का भरोसा किस पर होता है? आखिरी वक्त में राजकुमार यादव के साथ गिला शिकवा दूर होता है या फिर माले किसी और चेहरे पर दाव लगाती है. 
   

क्या कहता है सामाजिक समीकरण

जहां तक सामाजिक समीकरण का सवाल है तो एक अनुमान के अनुसार राजधनवार में अनुसूचित जन जाति की आबादी-6 फीसदी, अनुसूचित जाति की आबादी- 14 फीसदी, मुस्लिम करीबन 24 फीसदी और इसके साथ ही यादव जाति की एक बड़ी आबादी है. यानि हार जीत में यादव मुस्लिम गठजोड़ की एक अहम भूमिका होती है. जिसके साथ ही यादव मुस्लिम का गठजोड़ साथ खड़ा हो गया, उसकी जीत की प्रबल संभावना होती है, लेकिन दूसरी को अगड़ी जातियों के साथ ही वैश्य जातियो की भी एक ठीक-ठाक आबादी है.

लेकिन भाजपा के जीत के लिए जरुरी है कि यादव जाति का एक हिस्सा भी उसके साथ खड़ा हो या फिर उसमें बिखराव की स्थिति हो. खैर, अभी तो खेल की शुरुआत है. टिकट वितरण के बाद ही पूरी तस्वीर साफ होती नजर आयेगी. लेकिन इतना तय है कि बाबूलाल की राह आसान नहीं रहने वाली है, और उसका एक दूसरा बड़ा कारण तीसरी प्रखंड में सेंधमारी की स्थिति है, यह वही तीसरी है, जहां से बाबूलाल खुद आते हैं, लेकिन पिछले कुछ वर्षों में राजकुमार यादव लगातार अपनी सक्रियता को तेज किये हुए हैं और यदि तीसरी का किला टूटा तो बाबूलाल के मुसीबत खड़ी हो जायेगी. 

 

लेखक के बारे में

By Devendra Kumar

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More