Koderma News: 22 सितंबर को सुकर्म योग में मनाया जाएगा कर्मा धर्मा एकादशी पर्व

कोडरमा: भाई की सुख-समृद्धि, दीर्घायु और रक्षा की कामना का पर्व कर्मा-धर्मा एकादशी 22 सितंबर को मनाई जाएगी। भाद्रपद शुक्ल एकादशी पर उत्तराषाढ़ा व श्रवण नक्षत्र के युग्म संयोग के साथ सुकर्म योग का शुभ संयोग बन रहा है। गृहस्थों के साथ वैष्णवजन भी इस दिन व्रत करेंगे। 21 सितंबर को दशमी तिथि में नहाय-खाय के साथ व्रत की तैयारी होगी। पंडित जीवकांत झा ने पंचांगों के हवाले से बताया कि इस दिन मकर लग्न में चंद्रमा विराजमान रहेगा। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, हरिशयन एकादशी में जब भगवान विष्णु योगनिद्रा में चले जाते हें तो कर्मा-धर्मा एकादशी के दिन करवट बदलते हैं।
कार्तिक शुक्ल देवोत्थान एकादशी के दिन उन्हें योग निद्रा से जगाया जाता है। कर्मा-धर्मा एकादशी के दिन कुश तथा राढ़ी घास से भगवान नारायण की प्रतिमा बनाकर रोली, चंदन, पंचामृत, फूल, दूर्वा, धुप-दीप व फल-नैवेद्य आदि से पूजा की जाती है। इसके अलावा, गौरी-गणेश व भगवान भोलेनाथ की विधिवत पूजा होगी। भाई अपनी बहन की रक्षा का संकल्प लेंगे। एकादशी की रात महिलाएं कीर्तन भजन, पारंपरिक लोकगीत गाकर रात्रि जागरण तथा उत्सव मनाएंगी। अगले दिन द्वादशी तिथि में पूजित सामग्री को विसर्जित कर व्रत का पारण करेंगी।
इधर मंगलवार को झुमरी तिलैया में श्याम महिला निशान समिति के द्वारा निशान यात्रा भी निकाली जायेगी। वहीं पानी टंकी रोड स्थित श्याम मंदिर में ताली कीर्तन का आयोजन होगा। शहर के महाराणा प्रताप चौक स्थित श्री संकट मोचन हनुमान मंदिर में भी श्याम मित्र मंडल के तत्वाधान में भजनो का कार्यक्रम आयोजित होगा। जिले के विभिन्न इलाकों में भी एकादशी को लेकर विभिन्न धार्मिक संगठनों के द्वारा विविध कार्यक्रम का आयोजन भी होगा।
