Big Breaking: बीडीओ तबादले से विधायक हुए नाराज, सीएम ने रोका ट्रांसफर

रांची: ग्रामीण विकास विभाग द्वारा ट्रांसफर किये गए 61 प्रखंड विकास पदाधिकारियों (बीडीओ) का तबादला स्थगित कर दिया गया है. तबादले पर सवाल उठने के बाद झारखंड सरकार ने आज शुक्रवार (26 जुलाई) को सभी 61 बीडीओ का तबादला स्थगित करने का निर्णय लिया है. इस संबंध में ग्रामीण विकास विभाग के संयुक्त सचिव अजय कुमार सिंह के हस्ताक्षर से आदेश जारी कर सभी उपायुक्तों एवं उप विकास आयुक्तों एवं संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया है.
25 जुलाई को ट्रांसफर का आदेश, 26 जुलाई को कैंसिल
बता दें कि बीते गुरुवार (25 जुलाई) को 61 बीडीओ का ग्रामीण विकास विभाग ने तबादले का आदेश जारी किया था. जिसको लेकर झारखंड विधानसभा के मॉनसून सत्र शुरू होने से पहले मुख्यमंत्री आवास पर इंडिया गठबंधन के विधायकों की बैठक थी. इस बैठक में कई विधायकों ने बीडीओ के ट्रांसफर पोस्टिंग पर सवाल उठाए थे. उसके बाद ही मुख्यमंत्री ने फैसला लिया कि सभी बीडीओ की ट्रांसफर-पोस्टिंग को फिलहाल रोका जाए.
