बोकारो : उपायुक्त के पहल पर बरलंगा से कसमार पथ का चौड़ीकरण-मजबूतीकरण कार्य गति का मार्ग प्रशस्त

बोकारो: उपायुक्त विजया जाधव ने शुक्रवार को बरलंगा से कसमार वाया नेमरा पथ के चौड़ीकरण-मजबूतीकरण कार्य को लेकर कसमार प्रखंड के खुदीबेड़ा ग्राम का दौरा कर ग्रामीणों की समस्याओं को सुना. कसमार प्रखंड के खुदीबेड़ा आंगनबाड़ी केंद्र परिसर में सड़क निर्माण को लेकर 18 किमी भूमि अधिग्रहण से संबंधित रैयतों एवं ग्रामीणों के साथ बैठक की. उनके शिकायतों पर क्रमवार सुनवाई की. रैयतों एवं ग्रामीणों ने भूमि अधिग्रहण के तहत मुआवजा राशि कम देने की बात रखी, इसी कारण वह जिला भू-अर्जन कार्यालय द्वारा दिए जा रहे भुगतान नोटिस को प्राप्त नहीं कर रहे हैं.  

इस पर उपायुक्त ने विस्तार से रैयतों एवं ग्रामीणों को भूमि अधिग्रहण के तहत मुआवजा राशि निर्धारित करने की प्रक्रिया से उन्हें अवगत कराया. उन्होंने कहा कि विभाग ने आपके क्षेत्र अंतर्गत वर्ष 20-21 एवं 2022 में हुए भूमी की बिक्री का दर को ही निर्धारित किया है. उपायुक्त द्वारा समझाने पर रैयतों एवं ग्रामीणों ने मामले को समझा और भुगतान नोटिस एवं मुआवजा राशि का वाउचर प्राप्त करने पर सहमति जताई. इसी के साथ बरलंगा से कसमार भाया नेमरा पथ के चौड़ीकरण-मजबूतीकरण कार्य में गति का मार्ग प्रशस्त हो गया है. 

मौके पर ही रैयतों को भुगतान नोटिस का तामिला कराया गया एवं मुआवजा भुगतान को लेकर वाउचर वितरण किया गया. ग्रामीणों ने बरलंगा से कसमार भाया नेमरा पथ के चौड़ीकरण – मजबूतीकरण कार्य में संबंधित एजेंसी एवं स्थानीय प्रशासन का सहयोग करने की बात कहीं. 

मौके पर उपायुक्त के साथ अपर समाहर्ता मो. मुमताज अंसारी, जिला नजारत उप समाहर्ता  वंदना शेजवलकर, अनुमंडल पदाधिकारी बेरमो अशोक कुमार, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी द्वारिका बैठा उपस्थित थे. वहीं कार्यक्रम स्थल पर प्रखंड प्रमुख, प्रखंड बीस सूत्री सदस्य, तकनीकी विभाग के कार्यपालक अभियंता, प्रखंड विकास पदाधिकारी कसमार, अंचलाधिकारी कसमार, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी, पंचायत प्रतिनिधि,काफी संख्या में ग्रामीण आदि उपस्थित थे.

लेखक के बारे में

By Manoj Garg

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More