लोबिन हेम्ब्रम आउट! अब कौन चलायेगा ‘बबुआ हेमंत’ पर आदिवासी अस्मिता का सियासी तीर
-(1)-(1).jpg)
रांची: झारखंड की सियासत में लोबिन हेम्ब्रम चंद उन नेताओं में शामिल हैं, जिनकी पूरी सियासत जल जंगल और जमीन के इर्द-गिर्द घुमती नजर आती है. आदिवासी अस्मिता की पहचान और उसकी सांस्कृतिक-सामाजिक ताना-बाना का संरक्षण ही लोबिन की सियासत का केन्द्र बिन्दू है. यही कारण है कि झामुमो के अंदर लोबिन की पहचान एक सदाबहार बागी की है. सत्ता पक्ष को आईना दिखलाने में विपक्ष भले ही चूक जाय, खामियों को उजागर करने से बचने की कोशिश करता नजर आये. क्योंकि कई बार सत्ता पक्ष की खामियों को उजागर करने से विपक्ष इसलिए भी बचने की कोशिश करता है कि कहीं इसके साथ ही उसके अतीत के पन्नों को पलटने की शुरुआत नहीं हो जाय. लेकिन लोबिन यह अवसर कभी नहीं चुकते.
आदिवासी अस्मिता का बेबाक आवाज
वह 60/40 का मुद्दा हो या 1932 का खतियान या फिर स्थानीय नियोजन नीति का सवाल, सीएनटी-एसपीटी एक्ट के बावजूद राजधानी रांची से लेकर संताल तक आदिवासी जमीन की लूट या खनन उद्योग का अवैध कारोबार, और इस अवैध कारोबार में पंकज मिश्रा से लेकर वह तमाम चेहरे, जिसमें कई तो झामुमो के भी बेहद चेहते हैं. लोबिन ने निशाना साधने में कभी भी परहेज नहीं किया. पिछले चार वर्षों में एक भी ऐसा अवसर नहीं आया, जब सत्ता पक्ष की कमजोरियों को उजागर करने में लोबिन की जुबान फिसली हो, बेहद सधा अंदाज, लेकिन नीयत साफ, सत्ता पक्ष को घेरने के बजाय आईना दिखलाने की कोशिश. यह सवाल कि यदि भाजपा की नीतियां कॉर्पोरेट घरानों की पक्षधर है, तो इसमें आश्चर्य कहां है? सवाल तो यह है कि आदिवासी-मूलवासी के नारे के साथ पांच दशक से सियासत पचरम फहराने वाला झामुमो कहां खड़ा है? जिस घोषणा पत्र के साथ हम सत्ता में आये हैं, हम अपने ही घोषणा पत्र को पूरा करने में नामायाब क्यों हो रहे हैं?
विधान सभा में लोबिन का माइक बंद
यह लोबिन ही हैं, सत्ता पक्ष में रहने के बावजूद जिनका माइक विधान सभा के अंदर बंद किया जाता है. अपनी ही पार्टी से सदन के अंदर अपनी बात रखने के अवसर के लिए जंग लड़ते नजर आते हैं. हालांकि जिस दिन 1392 के खतियान को विधान सभा से स्वीकृति प्रदान की गयी थी और उसे राजभवन भेजा गया था, लोबिन हेमंत सोरेन को बधाई देने से भी नहीं चुके थें. लेकिन उस दिन भी लोबिन को सदन के अंदर अपनी खुशी के इजहार का अवसर नहीं मिला. हर सत्र के पहले लोबिन कुछ ना कुछ ऐसा जरुर कर जाते कि मीडिया में छा जाते, मीडिया कर्मियों में लोबिन का बाइट लेने की होड़ लगी होती. जब विधान सभा के अंदर बात रखने का अवसर नहीं मिलता तो वह विधान सभा के बाहर सवालों की छड़ी लगातें. कभी लोबिन का पोशाक सुर्खियों में रहता, तो कभी विशेष अंदाज, हर सत्र के पहले मीडिया कर्मियों में इस बात की उत्सुकता रहती है कि इस बार लोबिन के तरकस से कौन सा तीर निकलने वाला है, आदिवासी -मूलवासी अस्मिता का कौन सा सवाल खड़ा होने वाला है. जल जंगल और जमीन का कौन सा मुद्दा उठाने वाला है. जहां हेमंत सरकार चूक गयी.
हेमंत सिर्फ सीएम, नेता दिशोम गुरु
लेकिन इसका मतलब कदापी नहीं था कि लोबिन हेमंत सोरेन के विरोधी थें, यह ठीक है कि वह हेमंत सोरेन अपना नेता नहीं मानते थें, लोबिन का दावा था कि उनका नेता सिर्फ दिशोम गुरु हैं. दिशोम गुरु का स्थान कोई नहीं ले सकता, उनकी नजर में हेमंत सोरेन सिर्फ सीएम थें, जो अभी नेता बनने की प्रक्रिया से गुजर रहे हैं, शायद यह बात बहुत कम लोगों को मालूम हो कि लोबिन चाहे अपने पैतृक आवास पर हो या फिर अपने सरकारी क्वार्टर में. दिन की शुरुआत दिशोम गुरु के सामने माथा टेकने के साथ ही होती है, आज भी लोबिन इस बात को पूरे फक्र के साथ कहते हैं कि वह जो कुछ भी है, सियासत और सामाजिक जीवन के जिस भी मुकाम पर खड़े हैं, उसका एक मात्र श्रेय दिशोम गुरु को जाता है, उनकी अंगुली पकड़ कर हमने जिंदगी की शुरुआत की है, इस गुरुजी के साथ कदमताल करते हुए झामुमो के इस वट वृक्ष को सींचा है. मतभेद अपनी जगह है, लेकिन झामुमो को छोड़कर कहीं जाने का सवाल खड़ा नहीं होता?
एक जुर्म दो सजा? कहां है झामुमो का संविधान
लेकिन आज झामुमो ने दिशोम गुरु के इस पुराने योद्धा की सियासत पर विराम लगाने की कोशिश की है. क्योंकि यदि बात सिर्फ चुनाव लड़ने की होती, पार्टी के अधिकृत उम्मीदवार के खिलाफ मोर्चा खोलने की होती, तो गुनाह तो चमरा लिंडा ने भी किया था, फिर चमरा को माफी और लोबिन को सजा, यह दुहरा मापदंड क्यों? शायद, इसकी वजह चमरा लिंडा का सियासी अपना अंदाज है, हेमंत सरकार के प्रति अपनी तमाम नाराजगी के बावजूद चमरा सवालों का पहाड़ नहीं खड़ा करते, घोषणा पत्र की याद नहीं दिलाते, जबकि लोबिन सरकार को घेरने का एक भी अवसर नहीं छोड़ते. आदिवासी अस्मिता का सवाल आया नहीं कि वह विफर पड़ते हैं, आदिवासी-मूलवासी समाज के मुद्दों पर आक्रमक तेवर के साथ सामने आना लोबिन का अपना एक विशेष अंदाज है, यही लोबिन की ताकत है और मौजूदा सियासी हालात में कमजोरी भी.
