भाजपा में नए “मुल्लाओं” का जलवा, कहीं बीच मंझधार में डूबा ना दे चुनावी कश्ती

रांची: राजनीति में टाइमिंग की बड़ी कीमत होती है, गलत समय, सही बयान और सही समय पर एक गलत बयान आपके चुनावी पसमंजर की पूरी दिशा और दिशा बदल सकती है. राजनीति के दिग्गजों की टाइमिंग भी बड़ी कमाल की होती है. बगैर समय और परिस्थितियों का आलकन किये वे कभी भी कोई बयान नहीं देते, और जब देते हैं तो एक-एक शब्द के मायने होते हैं. भाजपा जिसे हिन्दुत्व की पिच का उस्ताद माना जाता है, उसके अंदर भी हिन्दुत्व के कई रंग एक साथ होते हैं, हिन्दुत्व का जो ताना-बाना यूपी में होता है, बिहार आते ही उस पर नीतीश का रंग चढ़ने लगता है और भाजपा का वही हिन्दुत्व आन्ध्रप्रदेश में मुस्लिमों का आरक्षण के साथ भी खड़ा होता है, यूपी बिहार और दूसरे हिन्दी भाषा-भाषी राज्यों में बीफ पर बबाल हिन्दुत्व का हिस्सा है, लेकिन गोवा से लेकर पूर्वोतर जाते-जाते उसी बीफ पर शांति भी पसर जाती है.

 

वह मणिपुर हो या फिर मिजोरम बीफ और बीफ की सियासत का कोई मायने नहीं होता. विश्वास नहीं हो तो कभी बीफ पर पूर्व कानून मंत्री किरेन रिजिजू के बयान को सुने, मतलब साफ है कि भाजपा में एक साथ कई अंतर्विरोधों को साधने की अद्भूत कला है. यही उसकी  सफलता का रहस्य है. भाजपा के पुराने दिग्गजों को इसकी बेहतर समझ है. लेकिन मुश्किल तब खड़ी हो जाती है, जब भाजपा के नए मुल्लाओं को यह रणनीति समझ में नहीं आती, मौसम जैसा भी हो, वह एक ही राग का अलाप करते रहते हैं, कुछ यही स्थिति इन दिनों झारखंड में देखने को मिल रही है, पुराने दिग्गज शांत और संयमित होकर चुनावी बयार की धार को समझने की कोशिश में जुटे हैं, लोकसभा चुनाव में आदिवासी बहुल सीटों पर पार्टी से कहां चूक हुई और उसकी काट क्या है, उसकी बारीकियों को समझने की कोशिश कर रहे हैं, वहीं नये मुल्लाओं में इस बात की छटपटाहट है कि कहीं उनकी शांति और संयम को पार्टी के अंदर उनकी कमजोरी नहीं समझ लिया जाय और अपने को खांटी भाजपाई सिद्ध करने के चक्कर में वे कोई ना कोई ऐसा बयान दे जाते हैं, जिसके कारण पार्टी को बैकफूट पर खड़ा होने को बाध्य होना पड़ता है, हालांकि उनकी नियत पार्टी को बैकफूट पर खड़ा करने की नहीं होती है, उनकी चाहत तो महज पार्टी आलाकमान और दिल्ली दरबार तक यह संदेश देने को होती है कि उनके रगों में भी खांटी भाजपाई लहू दौड़ रहा है, वह विपक्ष को ऐसी की तैसी करने में किसी से कम नहीं है. लेकिन यहीं उनसे चूक भी हो जाती है.

भानुप्रताप शाही और शशिभूषण मेहता के खेल में उलझी भाजपा  

दरअसल पिछले कुछ दिनों से भाजपा के दो चेहरे सुर्खियों में है, इसमें एक नाम तो 130 करोड़ रुपये का दवा घोटाला का आरोपी और ईडी की कार्रवाई का सामना कर चुके भवनाथपुर विधायक भानुप्रताप शाही का है, और दूसरा नाम है, सुचित्रा मिश्रा हत्याकांड में आरोपी और पांकी विधायक शशिभूषण मेहता, दोनों ही भाजपा के नये-नये खिलाड़ी है. कहे-अनकहे पार्टी के पुराने दिग्गजों के साथ इनकी होड़ चलती रहती है. अब जैसे-जैसे विधान सभा चुनाव की सरगर्मी तेज हो रही है. इनके अंदर पार्टी के पुराने दिग्गजों से आगे निकलने की चाहत और भी तेज होती नजर आ रही है. इसी क्रेडिट लेने की होड़ में भानुप्रतार शाही ने केन्द्रीय मंत्री अमित शाह के सामने सीएम हेमंत को गट्टा पकड़ कर उतारने का बयान दे डाला.

भानु के बयान से संताल -कोल्हान में झामुमो के हाथ लगा ब्रह्मास्त्र

इस एक बयान से झामुमो को विधान सभा चुनाव में मनमांगी मुराद मिल गयी. संताल से लेकर कोल्हान तक उसके हाथ में एक ब्रह्मास्त्र हाथ लग गया. आदिवासी समाज के बीच यह प्रचारित करने का हथियार मिल गया कि देखो, यही भाजपा की असली हकीकत है, वह एक किसी भी कीमत पर एक आदिवासी को सीएम की कुर्सी पर देखना नहीं चाहता, वह तो चुनाव का भी इंतजार नहीं करना चाहता, सीधे गट्टा पकड़ कर उतारने की धमकी दे रहा है. क्या भानु यही बयान किसी अगडी जाति के सीएम के लिए दे सकता था. 

खबर है कि इस मामले में झामुमो कार्यकर्ता राजेन्द्र उरांव ने गढ़वा के रमना थाने में भानु प्रताप शाही के खिलाफ एससी-एसटी एक्ट के तहत मामला दर्ज करवा दिया है. आपको याद दिला दें कि हेमंत सोरेन की गिरफ्तारी के कारण पहले से ही आदिवासी समाज के बीच आग लगी हुई है, इस इसी आग में भाजपा को संताल से लेकर कोल्हान तक आदिवासी बहुल सभी सीटों से हाथ गंवाना प़ड़ा और अभी उसकी आग समाप्त भी नहीं हुई थी कि भानुप्रताप ने अपने तरकश से दूसरा तीर निकाल कर झामुमो को सौंप दिया. मुसीबत यह है कि बयान केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह की उपस्थिति में दिया गया है, झामुमो अब अपनी चुनावी सभा में इस मामले में अमित शाह को भी लपेटने की कोशिश करेगी, इस बात का दावा ठोकेगी कि इस तरह के अमर्यादित बयान के बावजूद भानु प्रताप शाही को रोकने की कोशिश नहीं की गयी. यह इस बात का प्रमाण है कि यह बयान सिर्फ भानु प्रताप शाही का बयान नहीं है, बल्कि इसके पीछे पूरी भाजपा खड़ी है और यदि यह कार्ड चल गया तो संताल से लेकर कोल्हान तक भाजपा की चुनावी संभावनाओं पर तुषारापात होना तय है. 

पांकी विधायक शशिभूषण मेहता का कारनामा

दूसरी ओर सुचित्रा मिश्रा हत्याकांड में आरोपी और पांकी विधायक शशिभूषण मेहता एक अलग गुल खिला रहे हैं. जब पूरी पार्टी चुनावी संग्राम पर निकलने की तैयारी में है. शशिभूषण मेहता ने एक नया विवाद खड़ा कर दिया है. उनके उपर अपने ही वाहन चालक रविन्द्र प्रजापति, उनके घर दूसरी महिलाओं के साथ मारपीट और अभद्रता करने का आरोप है. दावा किया जाता है कि 3 जुलाई को शशिभूषण महतो और उनके समर्थकों के द्वारा रविन्द्र प्रजापति के दुकान में ताला जड़ दिया गया.और तो और रविन्द्र प्रजापति के बेटे को जबरन अपने साथ थाना लेकर गयें, मुकादमा दर्ज करवाने की  कोशिश की, लेकिन जब पलामू में मुकदमा दर्ज नहीं हो सका तो शशि भूषण मेहता की बेटी ने सिम्मी मेहता ने ओरमांझी थाने में मुकदमा दर्ज करवा दिया. जिसके बाद पुलिस ने रविन्द्र प्रजापति के बेटे को गिरफ्तार कर होटवार जेल भेज दिया, और अब झारखंड कुम्हार समन्वय समिति पलामू शशिभूषण मेहता के खिलाफ मोर्चा खोलती नजर आ रही है. यही वही कुम्हार समाज है, जिसे झारखंड में भाजपा का कोर वोटर माना जाता है.

लोकसभा चुनाव में दावेदारी खारिज कर चुकी है पार्टी 

आपको बता दें कि शशिभूषण मेहता के खिलाफ सिर्फ यही चंद मामले नहीं है, सुचित्रा मिश्रा हत्याकांड का मामला अभी भी हाईकोर्ट में चल रहा है, इसके साथ ही करीबन एक दर्जन मामले दर्ज है, और यही कारण है कि लोकसभा चुनाव के दौरान जब शशिभूषण मेहता ने चतरा से ताल ठोकने की कोशिश की थी, पार्टी ने दावेदारी को पहली नजर में ही खारिज कर दिया था, इस कारनामे के बाद विधान सभा चुनाव में भी पार्टी को दावेदारी पर विचार करना पड़ सकता है,  क्योंकि विदेश सिंह के बेटे देवेन्द्र सिंह बिट्टू को पार्टी हल्ले में लेने की भूल नहीं कर सकती, वैसे भी इस सीट पर विदेश सिंह 2005,2009 और 2014 में लगातार जीत दर्ज कर चुके हैं, और 2016 के उपचुनाव में भी देवेन्द्र सिंह बिट्टू ने यह सीट अपने नाम किया था, हालांकि 2019 में शशिभूषण यह सीट अपने नाम करने में कामयाब रहें, लेकिन इस बार बयार कुछ दूसरी बहती नजर आ रही है. और यह भाजपा है, यहां सिर्फ जिताउ घोड़े की ही पूजा होती है.

लेखक के बारे में

By Devendra Kumar

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More