पूर्व क्रिकेटर हरभजन सिंह ने आम बजट और अमृतसर एयरपोर्ट के विस्तार को लेकर दिया जवाब (आईएएनएस विशेष)

नई दिल्ली, 25 जुलाई (आईएएनएस)। आम आदमी पार्टी (आप) के राज्यसभा सांसद और पूर्व भारतीय क्रिकेटर हरभजन सिंह ने आईएएनएस से बातचीत करते हुए केंद्र सरकार के बजट को लेकर अपनी प्रतिक्रिया दी। इसके साथ उन्होंने अमृतसर एयरपोर्ट टर्मिनल का विस्तार करने की मांग भी की।

आईएएनएस के बजट को लेकर पूछे गए सवाल पर हरभजन सिंह ने कहा कि इस बजट में बहुत कुछ हो सकता था, बजट संतोषजनक नहीं है। इस बजट में पंजाब के लिए तो कुछ भी नहीं है। अगर पंजाब के लिए कुछ नहीं है, तो हम यही कहेंगे कि हमारे किसानों के लिए कुछ नहीं है, सब्सिडी कुछ नहीं है। इस बजट में पंजाब के लिए बहुत कुछ हो सकता था। यह बजट एक या दो राज्य के लिए लाभदायक है। हमारे लिए इसमें कुछ नहीं है।

बता दें कि नरेंद्र मोदी सरकार 3.0 का पहला आम बजट मंगलवार को सदन में वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने पेश किया। वित्त मंत्री ने इस बजट को पेश करके एक रिकॉर्ड कायम कर दिया। उन्होंने वित्त मंत्री के तौर पर लगातार 7वीं बार आम बजट पेश किया है। इस बजट में किसान, मजदूर, युवा, छात्र, महिला, उद्यमी, नवाचार, शिक्षा, विरासत सबको कुछ ना कुछ दिया गया है।

आप के राज्यसभा सांसद हरभजन सिंह ने अमृतसर एयरपोर्ट के विस्तार की मांग करते हुए कहा कि हमने सरकार से कहा है कि पूरे भारत वर्ष में एयरपोर्ट बन रहे हैं। वहीं, अमृतसर का एयरपोर्ट छोटा है, उसे बड़ा किया जाए और वहां पर सिर्फ घरेलू फ्लाइट है, एक या दो फ्लाइट ऐसी है, जो इंटरनेशनल है। हम चाहते हैं कि अमेरिका और कनाडा का सेक्टर खोला जाए। क्योंकि, अभी हाल फिलहाल में जो भारत और कनाडा के बीच एक समझौता हुआ है कि जहां से सबसे ज्यादा यात्री कनाडा या अमेरिका के लिए जाते हैं, वह पंजाब है।

उन्होंने कहा कि पंजाब से अगर अमेरिका या कनाडा तक डायरेक्ट फ्लाइट जाएगी, तो पंजाब के लोगों का बहुत सारा खर्च बचेगा। क्योंकि, वह पंजाब से पहले दिल्ली आते हैं और ऐसे में आने-जाने से लेकर रहने तक का खर्च बढ़ता है। ऐसे में अगर अमृतसर का एयरपोर्ट को बड़ा कर दिया जाए और फ्लाइट की संख्या बढ़ा दी जाए तो पंजाब के लोगों को बड़ी सुविधा हो जाएगी।

–आईएएनएस

एसके/

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More