उत्तराखंड आने वाले सभी वाहनों में डस्टबिन, गार्बेज बैग अनिवार्य : मुख्य सचिव राधा रतूड़ी

देहरादून, 25 जुलाई (आईएएनएस)। देवभूमि उत्तराखंड में हर साल लाखों की संख्या में श्रद्धालु, पर्यटक आते हैं। उत्तराखंड आने वाले पर्यटक और श्रद्धालु कचरा जहां-तहां फेंकते हैं। उत्तराखंड की मुख्य सचिव राधा रतूड़ी ने इस समस्या को काफी गंभीरता से लिया है। उन्होंने प्रदेश में आने वाली हर गाड़ी में डस्टबिन और गार्बेज बैग अनिवार्य करने के निर्देश दिए हैं।

इसको लेकर मुख्य सचिव ने नियमित रूप से चेकिंग एवं चालान के निर्देश दिए हैं। उन्होंने परिवहन विभाग के आदेशों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने को कहा है। उत्तर प्रदेश, दिल्ली, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, चंडीगढ़, राजस्थान व मध्य प्रदेश के परिवहन आयुक्तों को भी पत्र लिखा गया है।

परिवहन विभाग के अनुसार चारधाम यात्रा के दौरान स्वच्छता अभियान के तहत वाहन में बैठे यात्री सड़कों पर कचरा नहीं फेंक सकते तथा सभी वाहनों में डस्टबिन/गार्बेज बैग लगाना अनिवार्य है।

मुख्य सचिव ने कहा कि राज्य में प्रवेश करने वाले वाहनों को ट्रिप कार्ड जारी करते समय अवश्य सुनिश्चित कर लिया जाए कि डस्टबिन/गार्बेज बैग हो। आमजन को व्यापक स्तर पर जानकारी दी जानी चाहिए। उन्होंने टूर ऑपरेटर्स, ट्रैवल एजेंसी व वाहन चालकों से भी संवाद व समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए हैं।

उन्होंने आगे कहा कि पर्यटन प्रदेश होने के कारण राज्य की प्राकृतिक स्वच्छता बनाए रखना और पर्यावरण का संरक्षण उत्तराखंड के निवासियों के साथ ही लाखों की संख्या में आने वाले पर्यटकों एवं श्रद्धालुओं की सामूहिक जिम्मेदारी है।

–आईएएनएस

स्मिता/एबीएम

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More