दिल्ली: बड़े भाई का मर्डर कर खुद भी फंदे से झूल गया गोलू, जानिए पूरा मामला

नई दिल्लीः मां-पिता और बहन मथुरा गए थे। छोटा बेटा देर रात दो बजे कॉल कर कहने लगा, ‘मां मैं हमेशा के लिए जा रहा हूं, कभी नहीं मिलूंगा।‘ मां ने पिता को बताया तो बेटे को कॉल किया, जो पिक नहीं हुआ। बड़े बेटे का नंबर मिलाया। उसने भी नहीं उठाया। दोनों को कई कॉल किए… रिंग जाती रही। अनहोनी की आशंका के मद्देनजर सत्संग में आए सहयोगी की कार में माता-पिता और बहन सुबह 6 बजे दिल्ली पहुंच गए। नीचे के कमरे में छोटा बेटा पीयूष कुमार उर्फ गोलू (24) फंदे से लटका था। थोड़ी देर बाद बड़े बेटे आयुष कुमार उर्फ शालू (26) की बॉडी पहली मंजिल के कमरे में मिली, जिसका सिर बुरी तरह फोड़ रखा था।
सोनिया विहार में सनसनीखेज मामला
ये वाकया नॉर्थ ईस्ट दिल्ली के सोनिया विहार के पांचवां पुश्ता स्थित गली नंबर-5 के एक घर में हुआ था। इससे संडे सुबह वहां कोहराम मच गया। शुरुआती जांच में पता चला कि छोटा बेटा पीयूष कुमार इंट्रोवर्ट और काफी गुस्सैल था। आशंका है कि दोनों में किसी बात को लेकर रात में झगड़ा हुआ होगा। पीयूष ने आयुष की हत्या की होगी। फिर मां को कॉल किया और खुद भी फंदे से झूल गया। पुलिस के मुताबिक, मनोज कुमार (50) परिवार के साथ सोनिया विहार में रहते हैं। पेशे से आर्युवेदिक डॉक्टर हैं। दोनों बेटे पीयूष और आयुष लैब टेक्निशन थे, जो प्राइवेट जॉब करते थे।
