झामुमो के सदाबहार बागी लोबिन हेम्ब्रम और भाजपा के जेपी भाई पटेल की सदस्यता खत्म

रांची: विधान सभा स्पीकर रवीन्द्रनाथ महतो के न्यायाधिकरण ने लोबिन हेम्ब्रम और मांडू से भाजपा विधायक जेपी भाई पटेल मामले में फैसला सुनाते हुए दोनों विधायकों की सदस्यता रद्द कर दिया, अपने अपने पार्टी के उम्मीदवारों के खिलाफ चुनाव लड़ने की कार्रवाई को संविधान की 10 वीं अनुसूची का उल्लंघन माना. आपको बता दें कि जहां लोबिन हेम्ब्रम ने राजमहल संसदीय सीट से अपने पार्टी के उम्मीदवार विजय हांसदा के खिलाफ चुनाव लड़ा था, वहीं जेपी भाई पटेल ने हजारीबाग से कांग्रेस के टिकट पर पार्टी के प्रत्याशी के खिलाफ मोर्चा खोला था, दो दिनों की सुनाई के बाद न्यायाधिकरण आज दोनों की सदस्यता रद्द कर दी. हालांकि न्यायाधिकरण के सामने लोबिन नेअपना पक्ष रखते हुए यह दलील पेश भी की थी कि वर्ष 1995 में भी पार्टी के प्रत्याशी के खिलाफ चुनाव लड़ा था, लेकिन तब सदस्यता क्यों नहीं रद्द की गयी थी? सीएम हेमंत की ओर से रखे गये विश्वास मत के दौरान भी पार्टी के पक्ष में मतदान किया था. फिर भी सदयस्ता रद्द करने की मांग क्यों की जा रही है?
एक जुर्म की दो सजा? चमरा के लिए हमदर्दी और लोबिन के प्रति सख्ती
जेपी भाई की ओर से सदस्यता बचाने की कोई गंभीर कोशिश नहीं हुई, लेकिन लोबिन की दलील से साफ है कि लोबिन इस फैसले के लिए तैयार नहीं थें, लोबिन को इस बात का विश्वास था कि आखिरकार पार्टी नरम रुख अपनायेगी, क्योंकि इसके पहले पार्टी लोहरदगा से गठबंधन के उम्मीदवार के खिलाफ ताल ठोकने वाले चमरा लिंडा को महज निलंबित कर मामला समाप्त कर दिया गया था. अब लोबिन की सदस्यता रद्द होने के बाद यह सवाल खड़ा होगा कि एक ही जुर्म में पार्टी ने अलग-अलग स्टैंड क्यों लिया? चमरा लिंडा के लिए हमदर्दी और लोबिन पर सख्ती का कारण क्या है? क्या जिस अंदाज में लोबिन हर मोर्चे पर पार्टी को घेरते रहे हैं, उसकी कीमत चुकानी पड़ी है? चुनाव लड़ने के कारण एक बहाना मिल गया. क्या लोबिन को जल जंगल और जमीन के मुद्दे पर, झारखंडी अस्मिता का सवाल ख़ड़ा करने की कीमत चुकानी पड़ी? आखिर इस दोहरे मापदंड का कारण क्या है?
लोबिन आउट, अब बोरियो से हेमलाल मुर्मू को टिकट!
इसके साथ ही अब यह सवाल भी खड़ा होने लगा है कि आखिर बोरियो से अब पार्टी का चेहरा कौन होगा? क्योंकि यदि झामुमो को लोबिन को उम्मीदवार ही बनाना होता तो फिर वह सदस्यता रद्द करने की मांग पर क्यों अड़ती? संकेत साफ है कि इस बार बोरियो में झामुमो का चेहरा बदलने वाला है, जिस लोबिन ने दिशोम गुरु से लेकर हेमंत तक पार्टी का झंडा ढोया, इस फैसले के साथ, उसके सियासी अवसान की पटकथा लिख दी गयी. अभी चंद दिन पहले ही हेमलाल मुर्मू ने बोरियो से चुनाव लडऩे की अपनी चाहत से पार्टी को अवगत करवाया था. और बहुत संभव है कि हेमलाल मुर्मू ही बोरियो से अब पार्टी का चेहरा होंगे, अंदर खाने सब कुछ तय हो जाने के बाद ही लोबिन के सियासी ‘पर’ पर अंतिम कैंची चलाई गयी होगी. और लोबिन की बलि भी किसके लिए ली गयी, उस हेमलाल मुर्मू के लिए जो खुद पार्टी से बगावत भाजपा में अपनी किस्मत आजमाने के बाद वापस आये हैं.
