टाटा-पटना वाया कोडरमा वंदे भारत एक्सप्रेस का परिचालन अगस्त से, ट्रायल रन जल्द

कोडरमा: टाटानगर से कोडरमा होकर पटना स्टेशन के बीच जल्द ही वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन का परिचालन जल्द किया जाएगा. इसके लिए रेल प्रशासन ने केसरिया रंग की वंदे भारत एक्सप्रेस की नई ट्रेन को चक्रधरपुर रेलवे स्टेशन यार्ड में लाकर रखा है. मिली जानकारी के अनुसार, वंदे भारत की आठ कोच की नई रैक साउथ सेंट्रल रेलवे से मंगवायी गयी है. जल्द ही टाटानगर स्टेशन से पटना स्टेशन के बीच ट्रायल रन किया जाएगा. चक्रधरपुर रेलमंडल के टाटानगर में वंदे भारत एक्सप्रेस का मेंटेनेंस सेंटर बनाया जा रहा है.
हालांकि, रेलवे ने अब तक टाटा-पटना वंदे भारत एक्सप्रेस को चलाने की अधिसूचना जारी नहीं की है पर अनुमान लगाया जा रहा कि अगस्त माह के पहले सप्ताह में टाटा-पटना वंदे भारत एक्सप्रेस का परिचालन किया जाएगा. जानकारी के अनुसार वंदे भारत एक्सप्रेस का परिचालन टाटानगर से पुरूलिया- अनारा-भोजूडीह- महुदा- गोमो- कोडरमा- गया- जहानाबाद होते हुए पटना के बीच चलाया जाएगा, ताकि ज्यादा से ज्यादा यात्रियों को फायदा मिल सके. वंदे भारत एक्सप्रेस में कुल आठ कोच होंगे और इसकी स्पीड 130 से 160 किलोमीटर प्रति घंटे की होगी.
