क्या है पूर्वोदय योजना? बिहार, झारखंड और तीन अन्य राज्यों को कवर करने वाली है मोदी सरकार

नई दिल्ली: वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने आम बजट पेश कर दिया है। बजट पेश करते हुए उन्होंने कई योजनाओं का एलान किया है। ऐसी ही एक है ‘पूर्वोदय‘ योजना। वित्त मंत्री ने कहा कि ये योजना देश के पूर्वी हिस्से के पांच राज्यों के लिए तैयार की गई है। इस योजना से जिन राज्यों को फायदा होगा वो बिहार, आंध्र प्रदेश, झारखंड, पश्चिम बंगाल और ओडिशा है। वित्त मंत्री ने कहा कि योजना से इन राज्यों में चहुंमुखी विकास होगा। वित्त मंत्री ने कहा कि पूर्वी भाग के राज्य प्राकृतिक संपदाओं से समृद्ध हैं और इनकी सांस्कृतिक परंपराएं भी मजबूत हैं। विकास के लिए पूर्वोदय योजना तैयार की जा रही है।
क्या है योजना का उद्देश्य?
पूर्वोदय योजना में मानव संसाधन विकास, अवसंरचना और आर्थिक अवसर तैयार करना शामिल है, जिससे देश का पूर्वी भाग विकसित भारत के क्षेत्र के लक्ष्य को हासिल करने में अहम भूमिका निभाएं।
‘पूर्वोदय‘ का विचार पहली बार सार्वजनिक रूप से प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा 2015 में पारादीप में भारतीय तेल निगम लिमिटेड की एक रिफाइनरी को समर्पित करने के बाद प्रसारित किया गया था।
बिहार के लिए बड़ा एलान
वित्त मंत्री ने बजट में बिहार के लिए बड़ी घोषणा की। वित्त मंत्री ने बिहार में विकास परियोजनाओं के लिए 59 हजार चार सौ नौ करोड़ की योजनाओं की घोषणा की है। बिहार को 26 हजार करोड़ रुपये चार सड़क और पुल परियोजनाओं के लिए दिए गए हैं। साथ ही बिजली संयंत्र की स्थापना के लिए 21 हजार चार सौ करोड़ रुपये बिजली संयंत्र की स्थापना के लिए दिए जाएंगे। बिहार में इसके अलावा नए हवाई अड्डे, मेडिकल कॉलेज भी बनाए जाएंगे। बाढ़ परियोजना के लिए भी सरकार ने पैसा दिया है।
इसके अलावा केंद्र सरकार ने काशी की तर्ज पर बिहार के गया में विष्णुपद मंदिर और महाबोधि मंदिर कॉरिडोर का निर्माण करने का फैसला किया है।
आंध्र प्रदेश को क्या मिला?
बिहार के अलावा आंध्र प्रदेश के लिए भी वित्त मंत्री ने अधिक फंड देने का वादा किया है। आंध्र प्रदेश को राजधानी के लिए विशेष वित्तीय सहायता के रूप में 15 हजार करोड़ रुपये दिए जाएंगे। बजट में बहुप्रतीक्षित पोलावरम प्रोजेक्ट के लिए भी वित्तीय सहायता देने का एलान किया गया।
इसके साथ ही आंध्र प्रदेश पुनर्गठन एक्ट के तहत विशाखापत्तनम-चेन्नई औद्योगिक गलियारे में कोप्पार्थी क्षेत्र और हैदराबाद-बेंगलुरु औद्योगिक गलियारे में ओरवाकल क्षेत्र में विकास के लिए फंड दिया जाएगा। रायलसीमा, प्रकाशम, उत्तरी तटीय आंध्र के लिए फंड मुहैया कराया जाएगा।
9 साल पहले पीएम मोदी ने सबसे पहले रखा था पूर्वोदय का विचार
पूर्वोदय का विचार सबसे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2015 में पारादीप में इंडियन ऑइल की एक रिफाइनरी का उद्घाटन करने के बाद जाहिर किया था। उन्होंने कहा था कि भारत को अगर विकसित देश बनना है तो देश के पूर्वी हिस्से को विकसित होना होगा। बजट के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने भी पूर्वोदय योजना की तारिफ की। उन्होंने कहा कि ‘पूर्वोदय‘ योजना के माध्यम से देश के पूर्वी क्षेत्र के विकास को नई गति और ऊर्जा मिलेगी। उन्होंने कहा कि राजमार्गों, जल परियोजनाओं और बिजली परियोजनाओं जैसे महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचे के विकास को नया बल मिलेगा।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी पूर्वोदय योजना को विकसित भारत के निर्माण के लिए काफी महत्वपूर्ण बताया है। उन्होंने कहा कि देश के पूर्वी क्षेत्र के विकास को नई गति देने के लिए बजट में ‘पूर्वोदय‘ योजना की घोषणा की गई है। अमित शाह ने कहा, ‘यह योजना इन क्षेत्रों में बुनियादी ढांचे, मानव संसाधन, रोजगार और आर्थिक विकास के अवसरों को नई ऊर्जा प्रदान करेगी और ये क्षेत्र एक विकसित और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।‘
