सहियाओं ने विधायक को सुनायी समस्याएं, जल्द निराकरण करने का दिया आवेदन

बोकारो : जिला के पेटरवार प्रखंड के दर्जनों सहिया, सहिया साथी, प्रखंड प्रशिक्षक, राज्य प्रशिक्षक ने गोमिया विधायक डॉ लंबोदर महतो से उनके आवास पर मुलाकात की. विधायक डॉ लंबोदर महतो से मिलने के बाद सभी ने आवेदन देते हुए मांग किया कि हम सभी के मानदेय में बढ़ोतरी की जाए और सम्मानजनक मानदेय दिया जाए. कार्य के दौरान मृत्यु हो जाने पर उनके आश्रित को अनुकंपा का लाभ दिया जाए. पद त्याग पर प्रोत्साहन राशि बीस हजार से बढ़ा कर दस लाख किया जाए एवं प्रखंड प्रशिक्षक दल तथा राज्य प्रशिक्षक दल को भी इस लाभ में नाम जोड़ा जाए. अपनी मांगें बताते हुए कहा कि सहिया सहायता निधि राशि 75 हजार से बढ़ा कर 5 लाख कर दिया जाए. साथ ही अर्बन सहियाओं के सभी कार्यो कि प्रोत्साहन राशि का भुगतान किया जाए.
स्वास्थ्य कार्यों व कोरोना काल में किये गए स्वास्थ्य सेवा का दिया हवाला
आवेदन में यह भी बताया गया कि पूरे झारखंड में 50 हजार सहियाओं, 688 प्रखंड प्रशिक्षक, 48 राज्य प्रशिक्षक स्वास्थ्य विभाग के अधीन कार्य मे लगे हुए हैं. सहियाओं के द्वारा विधायक को अवगत कराया कि सरकार के अधीन स्वास्थ्य विभाग के कार्यों जैसे मातृ शिशु दर को कम करने के लिए ग्राम स्वास्थ्य पोषण दिवस, नियमित टीकाकरण, ग्राम स्वास्थ्य स्वच्छता एवं पोषण समिति की बैठक, संस्थागत प्रसव, माता एवं शिशु का देखभाल, संचारी एवं गैर संचारी रोग नियंत्रण, मलेरिया, फलैरिया, कुष्ठ, डायरिया, टीबी, अंधापन, परिवार नियोजन आदि राष्ट्रीय रोग नियंत्रण जैसे कार्यो के लिए समाज में जागरूकता कर अंतिम व्यक्ति तक स्वास्थ लाभ पहुंचाने का कार्य तन मन से करते आ रहे हैं जिससे बीमारियों के वृद्धि में कमी आई है. आज हमलोगों के प्रयास के कारण झारखंड का देश और अन्य राज्यों में अलग पहचान बना है. उन्होंने कहा कि कोरोना काल मे दिन रात मेहनत कर लोगों की जान बचाने का भी कम हमलोगों के द्वारा किया गया.
विधायक लंबोदर महतो ने संबंधित विभाग को भेजा आवेदन
विधायक डॉ लंबोदर महतो ने इन सभी बातों से अवगत होते ही मंत्री, स्वास्थ्य चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग झारखंड सरकार रांची को आवेदन लिख कर और सुनीता देवी और अन्य सहिया कर्मी, जिला बोकारो से प्राप्त आवेदन पत्र सलंग्न करते हुए आग्रह किया कि आवेदन में वर्णित तथ्यों के आलोक में समुचित शीघ्र कार्रवाई की जाए. इस अवसर पर वीणा देवी, सरिता देवी, गायत्री देवी, उषा देवी, शेखावती देवी, यशोधा देवी, अनिता देवी, प्रखंड संयोजक संजय कुमार महतो, सुनीता देवी, जीवाधन महतो सहित कई सहिया, सहिया साथी, प्रखंड प्रशिक्षक और जिला प्रशिक्षक मौजूद थे.
