तीर्थ यात्रियों के बस को डीडीसी ने दिखायी हरी झंडी, द्वारिका-सोमनाथ धाम के करेंगे दर्शन

MANOJ KUMAR
बोकारो : समाहरणालय परिसर से बुधवार को मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना अंतर्गत तीर्थयात्रियों की बस को उप विकास आयुक्त (डीडीसी) गिरिजा शंकर प्रसाद एवं निदेशक डीपीएलआर मेनका ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया. इससे पहले उप विकास आयुक्त ने मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना से लाभान्वित लाभुकों से बातचीत करते हुए उनका हालचाल जाना और शुभकामनाएं दी. उन्होंने कहा कि आप सभी सकुशल तीर्थ यात्रा कर वापस लौटें.
मौके पर जिला खेल पदाधिकारी हेमलता बून ने बताया कि मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना अन्तर्गत 51 हिन्दू धर्मावलम्बियों को गुजरात राज्य के द्वारिका एवं सोमनाथ भेजा जा रहा है. बस से इन्हें रांची स्थित हटिया स्टेशन भेजा जा रहा है, वहां विशेष ट्रेन द्वारा गुजरात राज्य के द्वारिका एवं सोमनाथ की तीर्थ यात्रा कराई जाएगी. यह यात्रा दिनांक 23 जुलाई से 30 जुलाई तक कराई जाएगी. मौके पर जिला पर्यटन विशेषज्ञ अमन राज समेत अन्य उपस्थित रहे.
