मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने असिस्टेंट टाउन प्लानर व मोटर व्हीकल इंस्पेक्टर समेत 183 पदों पर चयनित अभ्यर्थियों को दिया नियुक्ति पत्र

रांची: मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने झारखंड मंत्रालय स्थित सभागार में विभिन्न विभागों में चयनित असिस्टेंट टाउन प्लानर, जूनियर इंजीनियर (मैकेनिकल) मोटर व्हीकल इंस्पेक्टर, माइनिंग इंस्पेक्टर, जूनियर इंजीनियर (इलेक्ट्रिकल),स्ट्रीट लाइट इंस्पेक्टर व पाइपलाइन इंस्पेक्टर पद पर चयनित 183 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किया। 

समारोह में बतौर मुख्य अतिथि सम्मिलित हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि आज फिर वही सकारात्मक ऊर्जा एवं उत्साह के साथ राज्य के विकास को गति देने के उद्देश्य से नियुक्ति पत्र प्रदान किया जा रहा है। इनमें कुछ नियुक्तियां झारखंड लोक सेवा आयोग तो कुछ नियुक्तियां झारखंड कर्मचारी चयन आयोग के द्वारा की गई है। उन्होंने कहा कि नवनियुक्त अभ्यर्थी राज्य के सर्वांगीण विकास में एक महत्वपूर्ण कड़ी बनेंगे और राज्य को देश के अग्रणी राज्यों के समकक्ष पहुंचाने का प्रयास करेंगे, ऐसा उन्हें विश्वास है। 

कार्यक्षमता का बेहतर उदाहरण पेश करें नवनियुक्त अभ्यर्थी

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज जिन टाउन प्लानर की नियुक्ति हुई है, उनका प्रयास शहर के सर्वांगीण विकास को लेकर होना चाहिए। उनके सूझबूझ और अनुभव के आधार पर ही राज्य के शहरों को एक नई दिशा मिलेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के विकास में बेहतर कार्य करने वालों को सरकार सम्मानित करेगी। सिर्फ यूपीएससी से ही चयनित नहीं बल्कि जेपीएससी और जेएसएससी से चयनित अभ्यर्थियों को भी अच्छे कार्य के लिए सम्मानित करने का कार्य राज्य सरकार करेगी।

WhatsApp Image 2024-07-23 at 17.55.09_ffdaebbd
नियुक्ति पत्र के साथ अभ्यर्थी

मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड में खनन की गतिविधि अन्य राज्यों से अलग है ऐसे में माइनिंग इंस्पेक्टर की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है क्योंकि राज्य के 24 जिलों में से आधे से अधिक जिलों में खनन की गतिविधियां होती है। खनन कार्य अव्यवस्थित नहीं बल्कि सुव्यवस्थित तरीके से हो यह हम सभी की नैतिक जिम्मेवारी है। खनन कार्य के विषय को गंभीरता से लेने की जरूरत है। निश्चित रूप से हम लोग आने वाले समय में खनन कार्य सिस्टमैटिक ढंग से करें, जिससे यहां के जान-माल को  खतरा न हो तथा खनिज संपदाओं का लाभ राज्यवासियों को मिल सके।

हर खेत में पानी पहुंचाना लक्ष्य

मुख्यमंत्री ने जल संसाधन विभाग में चयनित अभ्यर्थियों से कहा कि झारखंड एक पहाड़ी क्षेत्र है। यहां की भौगोलिक बनावट अलग होने के कारण इस बात पर जोर रहे कि हर खेत तक कैसे पानी पहुंचाई जाए। राज्य सरकार नई तकनीक और नई योजनाओं के साथ आगे बढ़ रही है, लेकिन इसकी गति को और बढ़ाना होगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि जब हर एक खेत में पानी पहुंचाने का लक्ष्य पूरा होगा तभी राज्य से पलायन भी रुकेगा। राज्य सरकार खेती-कृषि के माध्यम से यहां के किसानों को आत्मनिर्भर बनाने को लेकर निरंतर प्रयासरत है।

सुव्यवस्थित तरीके से हो शहरों का विकास

मुख्यमंत्री ने नवनियुक्त जूनियर इंजीनियरों, लाइट इंस्पेक्टर तथा पाइप लाइन इंस्पेक्टरों से कहा कि आए दिन सड़क बनता है और सड़क बनने के क्रम में पानी सप्लाई लाइन की पाइपें फट जाती हैं। सड़कों पर पाइपलाइन फटने से हजारों गैलन पानी बेवजह बर्बाद हो जाता है। आवागमन भी बाधित होता है। विभिन्न अखबारों तथा सोशल साइट्स के माध्यम से सरकार को खरी-खोटी सुननी भी पड़ती है।

WhatsApp Image 2024-07-23 at 17.55.14_e83d73f1
नियुक्ति पत्र प्राप्त करते अभ्यर्थी से बात करते सीएम

मुख्यमंत्री ने कहा कि शहरों में स्ट्रीट लाइट भी जलती- बुझती रहती हैं। कई स्ट्रीट लाइटों में विशेष आयोजनों पर लरियां बांध दी जाती हैं। शहरों में स्ट्रीट लाइट सहित अन्य प्रकाश व्यवस्थाओं को सुव्यवस्थित करना आपकी जिम्मेदारी है। इन सभी चीजों पर एक बेहतर प्लान के साथ कार्य करें ताकि आम जनों को परेशानियों से निजात दिलाया जा सके।

यह रहे उपस्थित

इस अवसर पर मंत्री चम्पाई सोरेन, मंत्री रामेश्वर उरांव, मंत्री सत्यानंद भोक्ता, मंत्री हफीजुल हसन, मंत्री दीपक बिरुआ, राज्य के मुख्य सचिव एल० खियांग्ते, मुख्यमंत्री के अपर मुख्य सचिव अविनाश कुमार सहित अन्य वरीय पदाधिकारी एवं नियुक्ति पत्र पाने वाले अभ्यर्थी उपस्थित थे।

लेखक के बारे में

By Shailendra Sinha

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More