मुख्यमंत्री ने मुड़मा कुष्ठाश्रम परियोजना का किया उद्घाटन, 256 विशेष परिवारों को निःशुल्क आशियाने की मिली सौगात

रांची: मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने मंगलवार को PMAY (शहरी) योजना अंतर्गत राज्य संपोषित रांची के साईं सिटी के नजदीक स्थित नवनिर्मित मुड़मा कुष्ठाश्रम परियोजना का विधिवत उद्घाटन किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि आज शुभारंभ हो रहे इस परियोजना का लाभ विशेष परिवारों को मिल रहा है। ये आशियाना एक विशेष समूह के लिए बनाया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि मैं चाहूंगा कि इस परिसर को “निर्मल आवास” के नाम से जाना जाए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार का सदैव प्रयास रहा है कि हर जरूरतमंद व्यक्ति चाहे वे किसी भी वर्ग-समुदाय के हों, जिस स्थिति या परिस्थिति में रह रहे हों उन तक सरकार की आवाज पहुंचे, सरकार द्वारा संचालित जनकल्याण की योजनाएं पहुंचे। मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार लगातार आमजनों की बात सुनती है, समझती है और उनके विकास के लिए कार्य भी करती है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार आगे भी जनहित के कार्य प्रतिबद्धता के साथ करती रहेगी।
सैकड़ों परिवारों को मिला अपना आशियाना
मुख्यमंत्री सोरेन ने कहा कि आज ऐतिहासिक दिन है क्योंकि सैकड़ों लोग आज अपने घर के मालिक बन रहे हैं। वे आज से इस नवनिर्मित आवासों के अंदर पूरे परिवार के साथ रहेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि आप जैसे विशेष समूह के परिवारों के लिए अलग-अलग जिलों में भी इस तरह की कल्याणकारी योजनाएं प्रारंभ की जा रही हैं। इस आशा के साथ कि आने वाले समय में आप जैसे लोग, जो अपने जीवनयापन के लिए संघर्ष कर रहें हैं उनके दुःखों को हमारी सरकार कम किया जा सके।
.jpg)
मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार गरीब, जरूरतमंदों के प्रति जवाबदेह और संवेदनशील है। विपरीत चुनौतियों के बावजूद जनकल्याण के कार्य निरंतर हो रहे हैं और आने वाले दिनों में भी होते रहेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी वर्ग-समुदायों को उनका हक अधिकार राज्य सरकार देने का कार्य कर रही है।
यह रहे उपस्थित
इस अवसर पर नगर विकास एवं आवास विभाग के मंत्री हफीजुल हसन, विधायक नवीन जायसवाल, मुख्यमंत्री के अपर मुख्य सचिव अविनाश कुमार, नगर विकास सचिव अरवा राजकमल, आईजी रांची अखिलेश झा, नगर प्रशासक रांची अमित कुमार सहित अन्य वरीय पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में लाभुक परिवारों के सदस्य उपस्थित थे।
