विस चुनाव 2024: तमाड़ में किसका डंका! विकास मुंडा की वापसी या आजसू-जदयू वापस लेगा अपना किला

रांची: तमाड़ की पहचान विद्रोह और बगावत की रही है, तमाड़ विद्रोह जनजातीय इतिहास का एक गौरवमयी पन्ना है. कभी तमाड़  इसी धरती से अंग्रेजी सत्ता के खिलाफ बगावत का बिगूल बजा था, तब जनजातीय समाज की विशिष्ट संस्कृति और सामाजिक संरचना पर मंडराते खतरे के प्रतिकार में गंगा नारायण सिंह के नेतृत्व में उरांव, कोल, मुंडा और हो समाज ने अंग्रेजी हुकूमत और उसके सहयोगी जमींदार और साहूकारों की चूलें हिला दी थी. बताया जाता है कि जैसे-जैसे इस इलाके में विजातीय समूहों की सक्रियता तेज हुई. अंग्रेजी सत्ता के सहयोग से जमींदारों और साहूकारों के बीच  जल जंगल और जमीन पर कब्जे की होड़ लग गयी और उसके बाद जनजातीय समाज का गुस्सा फूटा, 1928-30 के आस-पास बड़ी संख्या में जमींदारों, साहूकारों और दूसरे दिकुओं की हत्या हुई. हालांकि, बाद में अंग्रेजों ने इन्ही स्थानीय जमींदारों और दिकुओं के सहयोग से तमाड़ विद्रोह पर काबू पा लिया और पूरे इलाके को ब्रिटिश हुकूमत का हिस्सा बना लिया. 

तमाड़ की इसी धरती पर दिशोम गुरु ने भी चखा था हार का स्वाद

विस चुनाव 2024:  तमाड़ में किसका डंका! विकास मुंडा की वापसी या आजसू-जदयू वापस लेगा अपना किला
शिबू सोरेन (फाइल फोटो

 

तमाड़ की इसी धरती से वर्ष 2009 में सीएम की कुर्सी पर रहते हुए शिबू सोरेन की हार हुई थी. दरअसल वर्ष 2008 में मधु कोड़ा की सरकार गिरने बाद सत्ता की बागडोर शिबू सोरेन के हाथ आयी थी. लेकिन उस वक्त शिबू सोरेन झारखंड विधान सभा के सदस्य होने के बजाय सांसद थें, इस नाते छह माह के अंदर-अंदर निर्वाचित होकर विधान सभा पहुंचने की अनिवार्यता थी, लेकिन झामुमो को कोई भी विधायक गुरुजी के लिए अपनी सीट को कुर्बान करने को तैयार नहीं था. इस संकट के बीच कांग्रेस और झामुमो के रणनीतिकारों ने गुरु जी के सामने जदयू विधायक रमेश सिंह मुंडा की मौत से खाली हुए तमाड़ से चुनाव लड़ने का सलाह दिया, लेकिन उपचुनाव में सीएम की कुर्सी पर रहते हुए शिबू सोरेन को जदयू प्रत्याशी राजा पीटर उर्फ गोपाल कृष्ण पातर के हाथों हार का सामना करना पड़ा. राजा पीटर ने गुरुजी को करीबन 9 हजार वोट से पराजित कर एक इतिहास रच दिया और इसके साथ ही संताल के बाहर जीत हासिल करने का गुरुजी का सपना बिखर गया, गुरु जी की हार के साथ ही राजद, कांग्रेस और झामुमो की सरकार भी गिर गयी. 

तमाड़ में हार जीत की भविष्यवाणी खतरे से खाली नहीं 

साफ है कि तमाड़ विधान सभा चुनाव में किसी भी अप्रत्याशित नतीजे के लिए तैयार रहना होता है. हार जीत की भविष्यवाणी खतरे से खाली नहीं होती. इस हालत में सवाल खड़ा होता है कि इस बार के विधान सभा चुनाव का नतीजा क्या होगा? क्या विकास कुमार मुंडा की लगातार तीसरी बार विधान सभा पहुंचेगे या फिर जिस पाला बदल का खेल करते हुए, वह अपनी दूसरी पारी खेल रहे हैं, उस पर विराम लग जायेगा? आपको बता दें कि विकास मुंडा ने अपनी पहली जीत आजसू के बनैर तले वर्ष 2014 में दर्ज की थी, लेकिन वर्ष 2019 के मुकाबले के पहले वह आजसू का साथ छोड़कर झामुमो की सवारी कर बैठे और 55,491 मतों के साथ एक और जीत दर्ज करते हुए विधान सभा पहुंचने में कामयाब रहें. विकास कुमार मुंडा के इस पालाबदल के बाद आजसू ने राम दुर्लाव सिंह मुंडा को मोर्चे पर उतारा था, लेकिन राम दुर्लाव सिंह मुंडा  को 24,520 के साथ दूसरे स्थान पर संतोष करना पड़ा था, जबकि भाजपा की रीता देवी ने 18,082 के साथ तीसरा स्थान प्राप्त करने में सफलता प्राप्त की थी. अब यदि हम भाजपा और आजसू के कुल मतों को जोड़कर समझने की कोशिश करें तो 42,602 आता है, यानि भाजपा आजसू की संयुक्त ताकत भी विकास मुंडा के सामने बौनी नजरआती है. लेकिन सियासत सिर्फ आंकडों का खेल नहीं है, यह एक रसायन भी है, जहां दो और दो चार नहीं होता, यानि यदि भाजपा-आजसू की संयुक्त ताकत का सामना करना इतना आसान भी नहीं रहने वाला है.  

अब तक के चुनावी संग्राम की एक झलक

आपको बता दें कि कभी तमाड़ में भी जदयू का भी एक मजबूत जनाधार हुआ करता था, रमेश सिंह मुंडा ने वर्ष वर्ष 2000 में इस सीट से समता पार्टी और वर्ष 2005 में जदयू के टिकट पर सफलता पायी थी, लेकिन 9 जुलाई, 2008 को बुंडू स्कूल में एक समारोह के दौरान रमेश सिंह मुंडा के साथ ही चार अन्य की नक्सलियों के द्वारा गोली मार कर हत्या कर दी गयी, इस हत्या का आरोप उनके राजनीतिक प्रतिद्वन्धी रहे राजा पीटर पर लगा.

 

विस चुनाव 2024:  तमाड़ में किसका डंका! विकास मुंडा की वापसी या आजसू-जदयू वापस लेगा अपना किला
राजा पीटर ( फाइल फोटो)

 

ह्त्याकांड के नौ साल बाद वर्ष 2017 में एनआईए ने इसकी जांच शुरु की, और आखिरकार राजा पीटर को इस मामले में जेल जाना पड़ा. हालांकि  राजा पीटर को झारखंड हाईकोर्ट से साढ़े छह वर्ष जेल में गुजारने के बाद सशर्त जमानत मिल गयी है. लेकिन जब तक वह आरोप से मुक्त नहीं हो जाते, तमाड़ के सियासी अखाड़े से बाहर ही रहना होगा.

दो बार जदयू और एक बार समता पार्टी के खाते में भी गई है यह सीट 

आपको यह भी बता दें कि वर्ष  2000 में रमेश सिंह मुंडा के मुकाबले कांग्रेस के कालीचरण मुंडा थें, कालीचरण मुंडा को 18,167 के साथ दूसरा स्थान मिला था, जबकि 37,196 रमेश सिंह मुंडा को जीत मिली थी, लेकिन 2005 में राजा पीटर ने स्वतंत्र उम्मीदवार के बतौर अखाड़े में उतर कर 16,295 वोट दूसरा स्थान प्राप्त किया था, जबकि 22,195 के साथ रमेश सिंह मुंडा को जीत मिली थी. और कांग्रेस के कालीचरण मुंडा 12,647 चौथे स्थान पर सिमट गयें थें, लेकिन रमेश सिंह मुंडा के हत्या के बाद जदयू ने रमेश सिंह मुंडा के हत्या में आरोप का सामना कर रहे राजा पीटर को ही अपना उम्मीदवार बना दिया, और  30,678 के साथ जदयू को इस सीट पर दूसरी और समता पार्टी के रुप में तीसरी जीत मिली. इस मुकाबले में राजा पीटर को 30,678 मत प्राप्त हुआ, जबकि आजसू के विकास कुमार मुंडा को 29,207 के साथ दूसरे स्थान पर संतोष करना पड़ा, लेकिन इस मुकाबले का और भी रोचक परिणाम झारखंड के बौद्धिक जगत का एक बड़ा सितारा राम दयाल मुंडा की हार थी, उन्हे महज 12,359 के साथ तीसरे स्थान पर संतोष करना पड़ा. 

आदिवासी बुद्धिजीवी और साहित्यकार राम दयाल मुंडा की हार

 

विस चुनाव 2024:  तमाड़ में किसका डंका! विकास मुंडा की वापसी या आजसू-जदयू वापस लेगा अपना किला
राम दयाल मुंडा ( फाइल फोटो)

 

याद रहे कि डा. रामदयाल मुंडा अंतरराष्ट्रीय स्तर के भाषाविद् और समाजशास्त्री थें, इसके साथ ही आदिवासी बुद्धिजीवी और साहित्यकार के रुप में उनकी अपनी एक विशेष पहचान थी. इसके साथ ही वह एक निपुण कलाकर भी थें. उन्होंने मुंडारी, नागपुरी, पंचपरगनिया, हिंदी, अंग्रेजी में गीत-कविताओं के अलावा गद्य साहित्य की रचना की है. झारखंड की आदिवासी लोक कला, विशेषकर ‘पाइका नृत्य’ को वैश्विक पहचान दिलाने में उनकी अहम भूमिका रही. झारखंड की सियासत और बौद्धिक जगत में उन्हे दलित-आदिवासी स्वाभिमान का प्रतीक माना जाता है.  विश्व आदिवासी दिवस की शुरुआत में भी उनका बड़ा योगदान था, इस प्रकार तमाड़ की इस धरती पर दिशोम गुरु शिबू सोरेन के साथ ही डा. रामदयाल मुंडा जैसे धरती पुत्र को भी हार का सामना करना पड़ा. 

वर्ष 2014 में पहली बार आजसू के हाथ आयी तमाड़ की कमान

खैर, 2009 के बाद 2014 में इस सीट से आजसू को सफलता प्राप्त हुई, आजसू उम्मीदवार विकास मुंडा को 57,428 के साथ पहली जीत मिली और जदयू उम्मीदवार राजा पीटर को 31,422 के साथ दूसरे स्थान पर संतोष करना पड़ा, लेकिन वर्ष 2019 में  आते आते विकास मुंडा ने पालाबदल का खेल किया और आजसू को गच्चा देते हुए झामुमो के साथ जाने का फैसला किया. इस मुकाबले में विकास मुंडा को 55,491 के साथ दूसरी जीत मिली और झामुमो का खाता खुला. लेकिन फिर से वही सवाल 2024 के विधान सभा चुनाव में बाजी किसके हाथ जाने वाली है, विकास मुंडा अपनी तीसरी जीत दर्ज करते हुए झामुमो को इस सीट पर बनाये रखते हैं या फिर आजसू इस सीट को वापस लेने में सफल रहती है और उससे भी बड़ा सवाल यह है कि तमाड़ में तीन-तीन (दो बार जदयू और एक बार समता पार्टी) बार जीत का पचरम फहराने वाली जदयू की नजर एक बार फिर से झारखंड विधान सभा पर लगी हुई है. इस बार वह भाजपा के साथ मिलकर चुनावी अखाड़े में उतरने की तैयारी में है.आजसू के मुकाबले इस सीट पर उसकी दावेदारी कहीं अधिक मजबूत है, तो क्या जदयू की इस एंट्री से आजसू को झटका लगने वाला है? क्या इस बार एनडीए कोटे से यह सीट जदयू की झोली में डाला जाने वाला है? लेकिन उस हालत में जदयू का चेहरा कौन होगा? राजा पीटर तो पहले ही मुकाबले से बाहर हो चुके हैं, रमेश सिंह हत्याकांड मामले में अंतिम फैसला आने तक वह सियासी अखाड़े से बाहर ही रहेंगे. देखना होगा कि इस बार तमाड़ की सियासत का रंग क्या होता है, फिर कोई करिश्मा होता है या झामुमो यह सीट बचाने में कामयाब रहती है.  

लेखक के बारे में

By Devendra Kumar

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More