शिव शक्ति धाम : 65 फिट ऊंचा शिवलिंग विशेष आकर्षण का केन्द्र, सावन माह में होती है विशेष पूजा अर्चना

गिरिडीह: सरिया बाजार से महज दो किलोमीटर की दूरी पर मंदरामो पंचायत में स्थित शिव शक्ति धाम समस्त क्षेत्र के लिये दार्शनिक स्थल है। इस धाम में लगभग 65 फीट ऊंचा भगवान भोलेनाथ का विशाल शिवलिंग आकर्षक का केन्द्र है। यहां पूरे साल पूजा-अर्चना, शादी-विवाह, मुंडन, यज्ञोपवीत संस्कार चलता रहता है। सावन माह में यहां मुख्य रूप से बाबा भोलेनाथ की पूजा होती है। बाबा भोलेनाथ सभी की मनोकामना पूरी करते आए हैं। साथ ही, मंदिर परिसर में लगे वट वृक्ष की एक शाखा की बनावट भगवान शिव के हाथ जैसा प्रतीत होता है मानो भगवान शिव खुद विराजमान हैं।
इस संबंध में मंदिर के पुरोहित श्याम सुंदर पांडेय ने बताया कि शिव शक्ति धाम 2005 में बना लेकिन इसके पूर्व यह छेली छपरी के नाम से स्थल प्रसिद्ध रहा है। यह लगभग 500 साल से पहले का स्थल है। यहाँ पीढ़ी दर पीढ़ी लोग पूजा अर्चना करते आ रहे हैं। उन्होंने बताया कि यहां भक्तों की सभी मनोकामनाएं पूरी होती हैं। जो भक्त शिव की पूजा अर्चना करते हैं, उनकी अकाल मृत्यु नहीं होती है। उन्होंने बताया कि यहां शमशान घाट खयदुया नदी के तट पर विराजमान है, साथ ही सावन मास में रुद्राभिषेक पूरे माह होती है।

मंदिर के बारे में बताते हुए उन्होंने कहा कि लगभग 17 एकड़ भूमि में पूरा मंदिर फैला है। 90 के दशक में पूरे इलाके में सुखाड़ की स्थिति थी, तब स्थानीय भक्तों ने यहां भजन-कीर्तन किया था। उसके बाद पूरे इलाके में बारिश हुई थी और आज भी खेती हो या अन्य कोई शुभ कार्य सभी पहले मंदिर में पूजा-अर्चना कर के ही शुरुआत होती है। साथ ही बरगद पेड़ की जो आकृति है, वह मानो शिव का रूप है। यहां वट सावित्री पूजा के दिन काफी दूर दराज से सुहागिन महिलाएं पूजा के लिए आती हैं। उन्होंने बताया कि इस बार सावन में विशेष संजोग है। सोमवार को सावन मास की शुरुआत है और सावन की समाप्ति भी सोमवार को ही है।
