भाकपा माओवादी संगठन का 25 जुलाई को झारखंड-बिहार बंद, नक्सल प्रभावित इलाके में पोस्टरबाजी

चाईबासा: भाकपा माओवादी नक्सली संगठन के नक्सलियों ने 25 जुलाई को झारखंड-बिहार बंद करने का आह्वान किया है। बंद के समर्थन में नक्सलियों ने चाईबासा के कराईकेला थाना क्षेत्र में बैनर व पोस्टर लगाया है। बंद का आह्वान करने के साथ ही संगठन ने 28 जुलाई से 3 अगस्त तक शहादत सप्ताह मनाने का भी ऐलान किया है। नक्सलियों द्वारा की गई पोस्टरबाजी के बाद आसपास के गांवों में दहशत का माहौल है।
मिली जानकारी के अनुसार भाकपा नक्सली माओवादियों ने सोमवार की देर रात कराईकेला थाना के ओटार पंचायत के महाली साई और चौक समेत आसपास के इलाकों में विभिन्न जगहों पर बैनर व पोस्टर लगाया, साथ ही कई नक्सली पर्चे भी छोड़े। नक्सलियों द्वारा बैनर-पोस्टर लगाए जाने की सूचना मिलने के बाद कराईकेला थाना प्रभारी अंकित कुमार पुलिस टीम के साथ गांव पहुंचे और बैनर, पोस्टर व पर्चा जब्त कर लिया।
बंद बुलाने का यह है कारण
नक्सली भाकपा नेता जया की गिरफ्तारी के विरोध में नक्सलियों ने 25 जुलाई को झारखंड व बिहार में बंद का आह्वान किया है। दरअसल, नक्सली भाकपा नेता जया कैंसर से पीड़ित है और इलाज के लिए निजी अस्पताल गयी थी, जहां से पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। बता दें कि नक्सली हर साल 28 जुलाई से 3 अगस्त तक शहादत सप्ताह मनाते हैं। इस दौरान वे पुलिस मुठभेड़ में मारे गए अपने साथियों को याद करते हैं और अपने अमर शहीदों की इच्छाओं को पूरा करने और पूंजीवाद, साम्राज्यवाद और नौकरशाही का विरोध करते हैं।
