बलौदा बाजार घटना की पुलिस कर रही जांच : डिप्टी सीएम विजय शर्मा

रायपुर, 22 जुलाई (आईएएनएस)। विधानसभा सत्र के बाद बलौदा बाजार घटना को लेकर छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। इसके बाद पूरा सच सामने आ जाएगा।

उप मुख्यमंत्री ने कहा, “हम मानते हैं कि यह साजिश है। इसकी जांच हो रही है। सच सामने आएगा। कौन वहां गया, क्या हुआ, इन सबकी जांच हो रही है। इसके बाद पता चलेगा कि मामले की सच्चाई क्या है। अगर मामले में राजनीति करने वालों को घटना के बारे में पता हो, तो उन्हें इसे सदन में रखना चाहिए, ताकि सभी को सच्चाई के बारे में पता चल सके। छत्तीसगढ़ में हम लोग लगातार शांति-व्यवस्था की दिशा में काम कर रहे हैं, लेकिन इस बात को मानते हैं कि कुछ असामाजिक तत्व ऐसे हैं, जो प्रदेश में शांति भंग करने का प्रयास कर रहे हैं।”

उन्होंने कहा, “जांच संपन्न होने के बाद सच्चाई सामने आएगी। तब दूध का दूध और पानी का पानी हो जाएगा। इस पूरे मामले की जांच के लिए मुख्यमंत्री की ओर से एक समिति का भी गठन किया गया है। इस समिति ने लोगों से पूछताछ की है, लोगों से जानकारी हासिल की है। जांच रिपोर्ट आने के बाद मामले में कार्रवाई की जाएगी।”

उन्होंने कहा, “कुछ लोग इस पर सदन में चर्चा करने की मांग कर रहे हैं, लेकिन मुझे लगता है कि इस मुद्दे पर सभी लोग अपना पक्ष रख चुके हैं। मुझे नहीं लगता है कि अब इस पर किसी के पास कुछ भी कहने के लिए बचा हुआ है।”

–आईएएनएस

एसएचके/सीबीटी

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More