बाढ़ प्रभावित असम को दो करोड़! हिमंता को मरहम या नमक छिड़क गये हेमंत

रांची– झारखंड में जारी सियासी वार के बीच हेमंत सरकार ने बाढ़ प्रभावित असम में राहत कोष में दो करोड़ रुपये देने का एलान किया है. इसकी घोषणा करते हुए सीएम हेमंत ने अपने सोशल मीडिया एकाउंट एक्स पर लिखा कि “आपदा की घड़ी में झारखंड देश के राज्यों के साथ हमेशा संवेदनशीलता के साथ खड़ा रहा है। मां कामाख्या से मैं विनती करता हूं कि असम वासी बाढ़ की इस विभीषिका से उबर कर जल्द सामान्य जीवन यावन शुरू करेंगे।’ झारखंड सरकार की ओर से इससे पहले भी देशभर के विभिन्न हिस्सों में प्राकृतिक विभीषिका आने पर मदद का हाथ बढ़ाया जाता रहा है” जिस सदाशयता के साथ यह दान राशी दी गयी, उसी सदाशयता के साथ असम के सीएम हिमंता विश्व सरमा ने भी इसके लिए आभार जताते हुए लिखा कि Hon’ble CM of Jharkhand, @HemantSorenJMM Ji has graciously offered Rs 2 crore to the Chief Minister’s Relief Fund of Assam to aid flood-affected people. On behalf of the people of Assam, I deeply appreciate the generosity of the kind-hearted people of Jharkhand and the Hon’ble Chief Minister.
जोहार माननीय मुख्यमंत्री @himantabiswa जी,
आपदा की घड़ी में झारखण्ड देश के राज्यों के साथ हमेशा संवेदनशीलता के साथ खड़ा रहा है। माँ कामाख्या से मैं विनती करता हूँ कि असम वासी बाढ़ की इस विभीषिका से उबर कर जल्द सामान्य जीवन-यापन शुरू करेंगे।
जोहार! https://t.co/AtirD0CJrj
— Hemant Soren (@HemantSorenJMM) July 21, 2024
विशुद्ध सदाशयता या सियासी मैसेज
लेकिन क्या वाकई यह विशुद्ध सदाशयता थी? क्या आपदा की इस बेला में इस राहत कोष में दान के पीछे कोई सियासी मंशा भी थी? क्या इसे किसी सियासी चश्मे से देखने की कोशिश महज एक ख्याली पुलाव है? या फिर वाक्य युद्द से बाहर निकल, दीवारों पर विदाई की लिखी गयी इबारत से आगे जाकर यह एक और सियासी तकरीर का हिस्सा? और उपर से देखने में जितना सरल नजर आ रहा है, उसके अंदर उतने ही सियासी दांव पेच हैं?
दरअसल यह सवाल इसलिए भी खड़ा हो रहा है, क्योंकि अभी कुछ दिन पहले ही मणिपुर में आदिवासी समाज के साथ बर्बरता की खबरें सुर्खियां बन रही है, लाखों आदिवासीयों को तंबूओं में जिंदगी गुजारनी पड़ रही थी, और आज भी उनकी स्थिति में कोई बड़ा बदलाव नहीं हुआ है. झारखंड के आदिवासी समाज के साथ आम झारखंडियों में भी यह एक बड़ा सियासी मुद्दा बना था, खुद झामुमो की ओर से इसे आदिवासी समाज के बर्बरता बताया जा रहा था, लेकिन तब तो उस आफत से निपटने के लिए राहत कोष में कोई योगदान नहीं दिया गया, कहा जा सकता है कि वह एक मानव निर्मित आपदा थी, जबकि असम का बाढ़ एक प्राकृतिक आपदा. लेकिन हेमंत सोरेन के पिछले चार वर्षों के शासन काल में कई राज्यों को प्राकृतिक आपदा को झेलना पड़ा, उस वक्त भी झारखंड सरकार इसमें पीछे रही, फिर अचानक से असम के प्रति यह सदाशयता क्यों जगी?
असम में बाढ़ के बीच झारखंड में हिमंता
और खास कर जब हिमंता विश्व सरमा जब असम के बाढ़ के बीच में झारखंड में डेरा जमाए हुए हैं, खुद झामुमो हिमंता के इस दौरे पर होने वाले झारखंड सरकार के खर्च के औचित्य पर सवाल उठा चुकी है, जिसके जवाब में हिमंता विश्व सरमा के द्वारा उनकी सुरक्षा व्यवस्था पर हुए सारे खर्च का बिल असम सरकार को भेजना को कहा गया, ताकि असम सरकार के द्वारा उसका भुगतान किया जा सके और इसी बीच झारखंड सरकार के द्वारा बाढ़ पीड़ितों के लिए 2 करोड़ की राशि देने का एलान और फिर असम के सीएम के द्वारा इस राहत के लिए शुक्रिया के अल्फाज, तो क्या यह असम के सीएम हिमंता विश्व सरमा को यह याद दिलाने की कोशिश थी कि असम आज जिस प्राकृतिक आपदा से गुजर रहा है, जिस तरीके जान माल का नुकसान झेल रहा है. उस आपदा के बीच हिमंता विश्व सरमा को कहां रहने की जरुरत है और यह तीर बिल्कुल सटीक निशाने पर, जिसके बाद हिमंता के पास शुक्रिया कहने के सिवा कोई विकल्प नहीं था?
