कार्यकर्ता वोटरों को बूथ तक ले जाने में रहे नाकाम, हुड्डा दें अपने दस साल का हिसाब : सतीश पूनिया

रोहतक, 20 जुलाई (आईएएनएस)। लोकसभा चुनाव में मन माफिक नतीजे न आने के चलते हरियाणा भाजपा ने भी मान लिया है कि उनके मैनेजमेंट में कहीं ना कहीं कमी रही है।

आगामी हरियाणा विधानसभा चुनाव के मद्देनजर भाजपा प्रभारी सतीश पूनिया आज रोहतक के दौरे पर थे। इस दौरान पूनिया ने कहा कि लोकसभा चुनाव के दौरान कार्यकर्ता वोटरों को बूथ तक ले जाने में भी नाकाम रहे, इसके चलते पार्टी पांच सीटों पर सिमट कर रह गई। हम आगामी विधानसभा चुनाव में बेहतर प्रदर्शन करेंगे और राज्य में तीसरी बार सरकार बनाएगे।

साथ ही उन्होंने कांग्रेस के हरियाणा मांगे हिसाब अभियान पर भी तंज करते हुए कहा कि कांग्रेस का यह अभियान राजनीतिक स्टंट है। कांग्रेस नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा पहले अपने दस साल के कार्यकाल का हिसाब दें। उन्होंने 10 साल में जनता को लूटने के सिवा क्या किया है।

उन्होंने कांग्रेस नेता सुरेंद्र पवार और राव दान सिंह के घर ईडी की छापेमारी पर भी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि ईडी संवैधानिक एजेंसी है और वह बिना किसी दबाव में काम करती है। जिसकी गलती होगी उसे सजा जरूर मिलेगी।

साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ईमानदारी का मुखौटा पहने हुए थे लेकिन कितना बड़ा घोटाला हुआ है, यह जनता जानती है।

हरियाणा भाजपा प्रभारी सतीश पूनिया ने पार्टी के तमाम पदाधिकारियों, विधायकों, पूर्व विधायकों, पूर्व मंत्रियों समेत तमाम बड़े नेताओं के साथ बैठक किया। इस दौरान उन्होंने लोकसभा चुनाव में हुई गलतियों से सबक लेकर प्रदेश में तीसरी बार सरकार बनाने की कार्यकर्ताओं से अपील की।

–आईएएनएस

एकेएस/सीबीटी

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More