पद्मश्री से सम्‍मानित कमला पुजारी के निधन पर पीएम मोदी ने जताया दुख

नई दिल्ली, 20 जुलाई (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पद्मश्री से सम्मानित और प्रसिद्ध जैविक किसान कमला पुजारी के निधन पर दुख जताया है। साथ ही उन्होंने कमला पुजारी की कुछ तस्वीरें भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर शेयर की हैं। पीएम मोदी ने कहा कि पुजारी के निधन से बहुत दुखी हूं, जैव विविधता की रक्षा करने में उनके काम को वर्षों तक याद किया जाएगा।

पीएम मोदी ने शनिवार को एक्स पर लिखा, ”कमला पुजारी जी के निधन से बहुत दुःख हुआ। उन्होंने कृषि, विशेष रूप से जैविक कृषि पद्धतियों को बढ़ावा देने और देसी बीजों की रक्षा करने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। जैव विविधता की रक्षा करने में उनके काम को वर्षों तक याद किया जाएगा। वह आदिवासी समुदायों को सशक्त बनाने में भी एक प्रकाश स्तंभ थीं। उनके परिवार और प्रशंसकों के प्रति संवेदना। ओम शांति।”

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भी कमला पुजारी के निधन पर शोक व्यक्त किया है। उन्होंने सोशल मीडिया एक्स हैंडल पर लिखा, ”प्रख्यात जैविक किसान कमला पुजारी के निधन के बारे में जानकर दुख हुआ। उन्हें धान और अन्य फसलों के लुप्तप्राय और दुर्लभ बीजों को संरक्षित करने की उनकी प्रेरक पहल के लिए पद्मश्री से सम्मानित किया गया था। उन्होंने कई किसानों, खासकर महिला किसानों के बीच जैविक खेती को बढ़ावा दिया। जैविक खेती और पर्यावरण संरक्षण में उनके योगदान को याद किया जाएगा। उनके परिवार और दोस्तों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं।”

बता दें कि कमला पुजारी का ओडिशा के कटक में दिल का दौरा पड़ने से देहांत हो गया। उन्होंने 74 साल की उम्र में आखिरी सांस ली। साल 2019 में जैविक खेती को बढ़ावा देने और स्वदेशी बीजों की 100 से अधिक किस्मों के संरक्षण के लिए कमला पुजारी को पद्मश्री सम्मान से सम्मानित किया गया था।

–आईएएनएस

एसके/एसकेपी

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More