रंग लाया झामुमो का संग्राम: हिमंता का खर्च भुगतान को राजी हुई असम सरकार

रांची: विधान सभा चुनाव में चुनाव उप प्रभारी बनाये जाने के बाद असम के सीएम हिमंता विस्व सरमा लगातार झारखंड के दौरे हैं. हर दिन झारखंड के किसी ना किसी हिस्से में कार्यक्रम होता है, लेकिन अब दौरे से जुड़ा खर्च सियासी मुद्दा बनता जा रहा है. अभी चंद दिन पहले ही झामुमो की ओर सुप्रियो भट्टाचार्य ने सवाल किया था कि हिमंता का दौरा भाजपा के चुनावी प्रचार-प्रसार के लिए है. यह कोई सरकारी या असम की जनता के लिए किया जा रहा दौरा नहीं है. हिमंता यहां अपनी पार्टी के प्रचार में आ रहे हैं, फिर झारखंड की जनता की गाढ़ी की कमाई उस दौरे पर खर्च क्यों किया जाय? भाजपा के प्रचार -प्रसार के लिए भुगतान झारखंडी तिजोरी से क्यों किया जाय? वह एक राज्य के सीएम है, एक प्रोटोकॉल है, जिसका पालन राज्य सरकार करने को बाध्य है, और वह कर भी रही है, लेकिन झारखंड की खजाने पर जो इसका बोझ पड़ रहा है, वह एक गंभीर सवाल जरुर है.
बिल का भुगतान करने को तैयार हुई असम सरकार
सुप्रियो के इस बयान के बाद हिमंता विस्व सरमा ने कहा था कि यदि झारखंड सरकार इसे अपने खजाने पर बोझ मान रही है, तो वह इसका बिल असम सरकार को भेज सकती है, उसका भुगतान असम सरकार की ओर से कर दिया जायेगा और अब असम सरकार के स्पेशल ब्रांच के अपर पुलिस महानिदेशक हीरेन नाथ की ओर से महानिदेशक अजय कुमार सिंह, झारखंड को एक पत्र प्राप्त हुआ है, जिसमें हिमंता के दौरे से जुड़े बिल को असम भेजने को कहा गया है और इस प्रकार इस विवाद पर विराम देने की कोशिश की गयी है, हालांकि सवाल यह भी खड़ा किया जा सकता है कि भाजपा के इस चुनावी यात्रा का खर्च असम की जनता की गाढ़ी कमाई से क्यों किया जाय? देखना होगा कि अब इस मामले में सुप्रियो भट्टाचार्य का अगली प्रतिक्रिया क्या होती है.
