Jharkhand Weather Alert: 21 से 25 सितंबर तक बारिश, तेज हवा और बिजली गिरने की चेतावनी

कई इलाकों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती है तेज हवा
रांची। बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव क्षेत्र के प्रभाव से झारखंड में अगले पांच दिनों तक मौसम का मिजाज बदला रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, 21 से 25 सितंबर तक राज्य के कई हिस्सों में बारिश हो सकती है। इस दौरान कुछ जिलों में भारी बारिश, वज्रपात और तेज हवाओं को लेकर चेतावनी जारी की गई है।
21 सितंबर को बारिश के साथ वज्रपात की संभावना
21 सितंबर को राज्य के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इस दौरान वज्रपात की भी संभावना है। हवा की रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक रहने का अनुमान है।
22 सितंबर को कई हिस्सों में होगी बारिश
22 सितंबर को झारखंड के कई इलाकों में बारिश होने की संभावना है। रांची समेत कई जिलों में दिन के दौरान एक से अधिक बार बारिश हो सकती है।
23 सितंबर को भारी बारिश का ज्यादा असर
23 सितंबर को बारिश का प्रभाव अधिक रहने की संभावना है। इस दिन पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां, रांची, खूंटी, रामगढ़, बोकारो, धनबाद, गिरिडीह, देवघर और जामताड़ा में कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है।
इस दौरान हवा की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
24 सितंबर को उत्तर-पूर्वी जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
24 सितंबर को भी राज्य में बारिश जारी रहने की संभावना है। उत्तर-पूर्वी जिलों और धनबाद से सटे मध्यवर्ती इलाकों में कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। वज्रपात और तेज हवाओं को लेकर भी सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
25 सितंबर को भी बारिश और तेज हवा की संभावना
25 सितंबर को राज्य के कई हिस्सों में बारिश हो सकती है। कुछ स्थानों पर भारी बारिश, वज्रपात और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।
तापमान में 3 से 4 डिग्री तक गिरावट संभव
मौसम में बदलाव के कारण झारखंड के अधिकतम तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है। मौसम विभाग ने बारिश और वज्रपात के दौरान लोगों को खुले स्थानों पर जाने से बचने की सलाह दी है। बिजली चमकने के समय पेड़, बिजली के खंभे और खुले मैदानों से दूर रहने को कहा गया है।
