Sahibganj News: HP गैस एजेंसी की मनमानी से उपभोक्ता परेशान, एक सप्ताह से नहीं मिल रहा सिलेंडर

राजमहल के मंगलहाट स्थित HP गैस एजेंसी को लेकर उपभोक्ताओं में नाराजगी
साहिबगंज। राजमहल प्रखंड के मंगलहाट स्थित HP गैस एजेंसी की कार्यप्रणाली को लेकर उपभोक्ताओं में नाराजगी है। उपभोक्ताओं का आरोप है कि बुकिंग कराने के एक सप्ताह बाद भी उन्हें गैस सिलेंडर नहीं मिल रहा है। एजेंसी के कर्मचारियों की ओर से “कोड नंबर फेल हो गया” या “OTP फेल हो गया” कहकर ग्राहकों को वापस लौटाया जा रहा है।
उपभोक्ताओं का कहना है कि गैस बुकिंग के बाद कंपनी की ओर से भेजा गया OTP एक निश्चित समय तक ही वैध रहता है। यदि एजेंसी की गाड़ी समय पर नहीं पहुंचती है और OTP की समय सीमा समाप्त हो जाती है, तो इसका खामियाजा ग्राहक को भुगतना पड़ रहा है।
एक सप्ताह से चूल्हा ठंडा, बाजार से महंगा सिलेंडर खरीदना पड़ा
चानन की उपभोक्ता शिला देवी ने बताया कि करीब एक सप्ताह से गैस नहीं मिलने के कारण घर का चूल्हा प्रभावित रहा। आखिरकार मजबूरी में उन्हें बाजार से महंगे दाम पर सिलेंडर खरीदना पड़ा।
उपभोक्ताओं का आरोप है कि एजेंसी की ओर से समय पर गैस वितरण नहीं होने के कारण OTP फेल हो रहा है, लेकिन इसकी जिम्मेदारी लेने के बजाय ग्राहकों को ही वापस लौटा दिया जाता है।
OTP फेल होने पर दोबारा जनरेट कराने की मांग
परेशान उपभोक्ताओं का कहना है कि अगर तकनीकी कारणों से OTP फेल हो गया है, तो उसे दोबारा जनरेट कराने की व्यवस्था एजेंसी को करनी चाहिए। ग्राहकों का कहना है कि एजेंसी की डिलीवरी व्यवस्था में देरी का नुकसान उपभोक्ताओं को नहीं उठाना चाहिए।
इस संबंध में एजेंसी संचालक से संपर्क किए जाने की कोशिश की गई, लेकिन उपभोक्ताओं के अनुसार उन्हें संतोषजनक जवाब नहीं मिला।
प्रशासन और कंपनी के अधिकारियों से हस्तक्षेप की मांग
गैस वितरण में कथित परेशानी से नाराज उपभोक्ताओं ने जिला प्रशासन और HP कंपनी के उच्चाधिकारियों से मामले में हस्तक्षेप करने की मांग की है। उपभोक्ताओं ने एजेंसी की कार्यप्रणाली की जांच कराने, जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई करने और जल्द से जल्द नियमित गैस वितरण सुनिश्चित कराने की मांग की है।
