Koderma News: CATC-XII के छठे दिन कैडेट्स ने दिखाया जोश और अनुशासन, फायरिंग-ड्रिल से लेकर प्लाटून अटैक तक में किया शानदार प्रदर्शन

कोडरमा: बागीटांड़ स्थित राजकीय पॉलिटेक्निक कोडरमा परिसर में एनसीसी ग्रुप मुख्यालय हजारीबाग के अंतर्गत 45 झारखंड बटालियन एनसीसी, कोडरमा के तत्वावधान में चल रहे 10 दिवसीय संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर CATC-XII के छठे दिन करीब 600 एनसीसी कैडेट्स ने उत्साह, ऊर्जा और अनुशासन के साथ विभिन्न प्रशिक्षण गतिविधियों में हिस्सा लिया। शिविर कमांडिंग ऑफिसर कर्नल पारस लिंबू, कीर्ति चक्र के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में आयोजित किया जा रहा है।
शिविर की शुरुआत प्रातःकालीन शारीरिक प्रशिक्षण एवं ऑब्स्टेकल ट्रेनिंग से हुई। इसके बाद कैडेट्स को राइफल फायरिंग, एयर गन फायरिंग, ड्रिल, प्लाटून अटैक और बेयोनेट प्रशिक्षण सहित विभिन्न सैन्य प्रशिक्षण गतिविधियों का अभ्यास कराया गया।
कमांडिंग ऑफिसर कर्नल पारस लिंबू स्वयं एनसीसी कैडेट रह चुके हैं। उन्होंने प्रशिक्षण गतिविधियों में व्यक्तिगत रुचि लेते हुए प्रशिक्षकों के साथ मौजूद रहकर कैडेट्स को तकनीकी पहलुओं एवं प्रशिक्षण की बारीकियों से अवगत कराया। साथ ही उन्होंने कैडेट्स के अभ्यास का निरीक्षण भी किया।
कर्नल पारस लिंबू ने कहा कि एनसीसी केवल सैन्य प्रशिक्षण का माध्यम नहीं है, बल्कि यह अनुशासन, नेतृत्व, आत्मविश्वास, टीम भावना और जिम्मेदारी विकसित करने का महत्वपूर्ण मंच है। प्रतियोगिताओं का उद्देश्य केवल विजेता चुनना नहीं, बल्कि कैडेट्स में प्रतिस्पर्धात्मक भावना, आत्मविश्वास और उत्कृष्टता के लिए निरंतर प्रयास करने की आदत विकसित करना है।
उन्होंने प्रशिक्षकों, स्थायी अनुदेशकों, एएनओ और कैडेट्स के समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि सीमित समय में जिस लगन से कैडेट्स प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं, वह सराहनीय है। उन्होंने अधिकारियों एवं प्रशिक्षण स्टाफ का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि प्रशिक्षकों की मेहनत कैडेट्स के प्रदर्शन को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
फायरिंग और ड्रिल प्रतियोगिता में कैडेट्स ने दिखाया कौशल
सूबेदार चंपा मुर्मू के नेतृत्व में सीनियर डिवीजन एवं सीनियर विंग के कैडेट्स के लिए फायरिंग प्रतियोगिता आयोजित की गई। वहीं सूबेदार समर सिंह के नेतृत्व में फाइनल ड्रिल की तैयारी एवं चयन प्रक्रिया कराई गई। जूनियर विंग एवं जूनियर डिवीजन के कैडेट्स के लिए एयर गन फायरिंग प्रतियोगिता भी आयोजित हुई।
सूबेदार जतरू तिर्की के नेतृत्व में प्लाटून अटैक का गहन अभ्यास एवं डेमोंस्ट्रेशन कराया गया। हवलदार गोपाल कुमार ने कैडेट्स को रेडियो-टेलीफोनिक संचार का प्रशिक्षण दिया। ट्रेनिंग एनसीओ सुधीर मिश्रा के नेतृत्व में खेल प्रतियोगिताओं के तहत वॉलीबॉल प्रतियोगिता भी संपन्न कराई गई।
सांस्कृतिक और देशभक्ति कार्यक्रमों में भी दिखा उत्साह
शिविर में सांस्कृतिक एवं देशभक्ति कार्यक्रमों को भी विशेष महत्व दिया जा रहा है। विभिन्न विद्यालयों एवं महाविद्यालयों से आए एनसीसी अधिकारी सह डिप्टी कैंप कमांडेंट लेफ्टिनेंट संतोष कुमार, लेफ्टिनेंट चंदन कुमार दुबे, लेफ्टिनेंट डॉ. विजेंद्र कुशवाहा, लेफ्टिनेंट राधिका तथा गर्ल्स कैडेट इंस्ट्रक्टर शिवानी शर्मा के मार्गदर्शन में कैडेट्स को समूह गीत, देशभक्ति गीत एवं नाट्य प्रस्तुतियों की तैयारी कराई गई। अभ्यास के बाद इनकी प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जा रही हैं।
सूबेदार मेजर जी. के. चौधरी द्वारा सभी परमानेंट इंस्ट्रक्टर, सूबेदार, ट्रेनिंग जेसीओ, ट्रेनिंग एनसीओ एवं कैडेट्स के स्वास्थ्य, खान-पान, स्वच्छता और आवासीय व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
वहीं 45 झारखंड बटालियन एनसीसी के प्रधान कार्यालय के प्रधान सहायक राजेश कुमार, सहायक रणधीर कुमार, सहायक सिद्धार्थ कुमार, सहायक दिग्विजय कुमार एवं एलडीसी रोहित कुमार सिंह द्वारा शिविर से संबंधित आवश्यक दस्तावेज, कैडेट्स के प्रमाण-पत्र एवं अन्य प्रशासनिक कार्यों का व्यवस्थित रूप से निष्पादन किया जा रहा है।
कर्नल पारस लिंबू ने कहा कि शिविर में आयोजित प्रत्येक प्रतियोगिता कैडेट्स के अंदर छिपी प्रतिभा को सामने लाने का अवसर है। प्रशिक्षण के दौरान अनुशासन, सुरक्षा और टीम भावना को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी कैडेट्स को अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
