Koderma News: पिपचो में सुरेन्द्र भाई मोदी ने शुरू किया सेवा-संवाद केंद्र, ग्रामीणों की समस्याओं के समाधान में करेगा सहयोग

कोडरमा: जयनगर प्रखंड के पिपचो बाजार प्रांगण में विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी एवं समाजसेवी सुरेन्द्र भाई मोदी ने सेवा एवं संवाद केंद्र का शुभारंभ किया। केंद्र का उद्घाटन बाघमारा निवासी शिक्षक छोटेलाल राणा ने फीता काटकर किया।
इस अवसर पर सुरेन्द्र भाई मोदी ने कहा कि आम लोगों को अपने जरूरी सरकारी कार्यों के लिए बार-बार कार्यालयों का चक्कर लगाना पड़ता है। इसके बावजूद कई बार समय पर कार्य नहीं होने से उन्हें परेशानियों का सामना करना पड़ता है। इसी समस्या को ध्यान में रखते हुए सेवा एवं संवाद केंद्र की शुरुआत की गई है।
उन्होंने बताया कि अब ग्रामीण अपनी समस्याएं और सरकारी कार्यों से जुड़ी परेशानियां संवाद केंद्र में रख सकेंगे। इन समस्याओं को संबंधित विभाग तक पहुंचाकर उनके समाधान में सहयोग किया जाएगा। उन्होंने कहा कि लोगों की जायज समस्याओं के समाधान के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा।
सुरेन्द्र भाई मोदी ने बताया कि सेवा एवं संवाद केंद्र की शुरुआत जयनगर प्रखंड के प्रत्येक गांव में करने की योजना है। गांवों में केंद्र के माध्यम से लोगों को अपनी समस्याएं रखने का अवसर मिलेगा और संबंधित विभागों के समक्ष उनकी समस्याओं को उठाया जाएगा। उन्होंने इसे आम लोगों और सरकारी व्यवस्था के बीच संवाद स्थापित करने की पहल बताया।
