Bokaro News: गणेश विसर्जन जुलूस में हथियार लहराकर दहशत फैलाने के आरोप में दो गिरफ्तार

बोकारो। गणेश पूजा के विसर्जन जुलूस के दौरान सरेआम हथियार लहराकर आम जनता के बीच दहशत फैलाने और अपना खौफ कायम करने की कोशिश के आरोप में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से संभावित अप्रिय घटना को टालने का दावा किया गया है।
गुप्त सूचना पर पुलिस ने की कार्रवाई
प्रेस विज्ञप्ति जारी कर नगर पुलिस उपाधीक्षक राजीव रंजन ने बताया कि 18 सितंबर को पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि विसर्जन जुलूस के दौरान कुछ तत्व अवैध हथियार के साथ किसी अप्रिय घटना या वर्चस्व कायम करने की फिराक में हैं। सूचना की गंभीरता को देखते हुए नगर पुलिस उपाधीक्षक के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया और छापेमारी शुरू की गई।
एक लोडेड देशी सिक्सर और दो कारतूस बरामद
विशेष टीम ने कार्रवाई करते हुए बीएससिटी थाना क्षेत्र अंतर्गत दुंदीबाद माड़ी पट्टी निवासी 39 वर्षीय मंगल पासवान को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, तलाशी के दौरान उसके पास से एक अवैध लोडेड देशी सिक्सर बरामद किया गया।
पुलिस के मुताबिक, मंगल पासवान से पूछताछ के दौरान सेक्टर-1सी आयर खटाल निवासी शिवम कुमार की संलिप्तता की जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस टीम ने छापेमारी कर शिवम कुमार को भी गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया।
पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों के पास से कुल एक देशी लोडेड सिक्सर और दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए।
जुलूस में हथियार लाने का लगाया आरोप
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में दोनों आरोपियों ने बताया कि वे बरामद हथियार और कारतूस गणेश पूजा जुलूस में लोगों के बीच हथियार लहराकर अपना खौफ और दबदबा कायम करने के इरादे से लेकर आए थे। पुलिस ने समय रहते कार्रवाई करते हुए दोनों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस टीम ने निभाई अहम भूमिका
अपराधियों की गिरफ्तारी और शहर की शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए बीएससिटी थाना पुलिस टीम ने कार्रवाई में अहम भूमिका निभाई। छापेमारी दल में पुलिस निरीक्षक सह थाना प्रभारी ममता कुमारी, पुलिस अवर निरीक्षक महती बोयपाई, पुलिस अवर निरीक्षक अनिल कुमार गुप्ता और सहायक अवर निरीक्षक रंजन मिश्रा शामिल थे।
इसके अलावा आरक्षी राजीव कुमार (477), विजय कुमार सिंह (700), एकरार खान (728), निरंजन महतो (1567), सिद्धेश्वर प्रसाद सिंह (63) एवं मदन प्रसाद (1205) ने भी अभियान में योगदान दिया।
