Ranchi News: साइबर अपराध से बचाव के लिए कानूनी अधिकारों को समझना जरूरी: स्वाति शालानी

रांची: ‘साइबर अपराध और साइबर सुरक्षा के उभरते रुझान’ (ईटीसीसी) कार्यक्रम के आखिरी दिन झालसा की अधिवक्ता श्रीमती स्वाति शालानी ने प्रतिभागियों को साइबर क्राइम और उससे जुड़े कानूनों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस प्रकार के अपराध का शिकार होने पर खुद को लुटा हुआ न समझें, बल्कि कानूनी सलाह लेकर अपने अधिकारों को समझें।
पांच दिनों के इस आयोजन में साइबर सुरक्षा से संबंधित जानकारों ने महत्वपूर्ण और जरूरी पहलुओं पर ध्यान दिलाया। सत्र के पहले दिन कार्यक्रम संयोजक डॉ. विजय कुमार झा ने स्वागत भाषण दिया और कार्यक्रम में आने वाले सभी सम्मानित अतिथियों का परिचय कराया। डीन डॉ. संदीप सिंह सोलंकी, डॉ. अभिजीत मुस्तफी, डॉ. शिशिर दत्ता, विक्रम जीत मोइत्रा, हिमालय, डॉ. वंदना भट्टाचार्य सहित इस क्षेत्र से जुड़े बुद्धिजीवियों और शिक्षकों ने छात्रों को साइबर अपराध से सुरक्षित रहने की जानकारी साझा की।
कार्यक्रम को यादगार बनाने और प्रकृति को साक्षी बनाने के उद्देश्य से संस्थान के निदेशक डॉ. विजय कुमार झा और संयोजक डॉ. श्रीमती अमृता प्रियम ने प्रांगण में रुद्राक्ष का वृक्ष लगाकर कार्यक्रम की समाप्ति की घोषणा की।
समापन समारोह में डॉ. महुवा बनर्जी, डॉ. संदीप शाहदेव, शुभाशीष रॉय, अंकित, अंजलि, नेहा, तिलक, स्नेहा, अरदीम पाल, डॉ. नंदन बनर्जी, अनामिका, राणा मिश्रा, एलिस और डॉ. उमेश प्रसाद उपस्थित थे।
