Ranchi News: सीआईटी में सुरक्षा गार्ड की मौत पर शोकसभा, सभी कक्षाएं निलंबित

रांची: कैंब्रिज इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी में शुक्रवार को सुरक्षा एजेंसी के एक गार्ड की आकस्मिक मौत को लेकर शनिवार को शोकसभा हुई। इसके बाद सभी कक्षाएं निलंबित कर दी गईं। मृतक गार्ड धनपत महतो सोनाहातू के रहने वाले थे और सीआईटी में लंबे समय से कार्यरत थे।
मौके पर प्राचार्य डॉ. एल. रंगनाथन ने कहा कि मृतक धनपत एक कुशल कामगार और हंसमुख किस्म के व्यक्ति थे।
बता दें कि शुक्रवार को धनपत छत की टंकी देखने गए थे, जहां पैर फिसल जाने या चक्कर आने के बाद वह गिर पड़े। आनन-फानन में उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतक गार्ड ॐ सिक्योरिटी सर्विसेस की ओर से यहां कार्यरत थे।
