Ranchi News: BSPS की 13वीं राष्ट्रीय कार्यकारिणी में मीडिया एथिक्स और पत्रकार हितों पर बनी रणनीति

रांची। भारती श्रमजीवी पत्रकार संघ (BSPS) की 13वीं राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक विशाखापत्तनम में संपन्न हुई। बैठक में देशभर से 450 से अधिक पत्रकार शामिल हुए। राष्ट्रीय कार्यकारिणी की अध्यक्षता वरिष्ठ उपाध्यक्ष शैलेश्वर पांडा ने की, जबकि राष्ट्रीय महासचिव गिरिधर शर्मा ने संगठन के कार्यों और आगामी रणनीति को प्रस्तुत किया।
बैठक से पहले 16 सितंबर को BSPS की आंध्र प्रदेश इकाई के अध्यक्ष एवं वरिष्ठ पत्रकार वीरभद्र राव की अध्यक्षता में आंध्र प्रदेश के पत्रकारों की समस्याओं पर चर्चा हुई। इस दौरान कई अन्य संगठनों के पदाधिकारियों ने BSPS की सदस्यता ग्रहण की।
राष्ट्रीय कार्यकारिणी में पत्रकारों के लिए मीडिया काउंसिल के गठन, नेशनल मीडिया रजिस्टर तैयार करने, देशभर के पत्रकारों के लिए नेशनल हेल्थ इंश्योरेंस एवं पेंशन नीति निर्धारित करने, पत्रकार सुरक्षा कानून लागू करने तथा डिजिटल मीडिया के कोड ऑफ कंडक्ट को सख्ती से लागू करने की मांग से जुड़े प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किए गए।
डिजिटल मीडिया की जवाबदेही पर जोर

वरिष्ठ पत्रकार कृष्ण मोहन झा ने ‘लोकतांत्रिक व्यवस्था में एथिक्सपूर्ण पत्रकारिता’ विषय पर अपने संबोधन में डिजिटल मीडिया के बढ़ते प्रभाव और पत्रकारिता की विश्वसनीयता पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि डिजिटल क्रांति ने हर व्यक्ति को अपनी बात समाज तक पहुंचाने का अवसर दिया है, लेकिन हर व्यक्ति के पास कैमरा और माइक होने मात्र से वह पत्रकार नहीं बन जाता।
उन्होंने कहा कि पत्रकारिता में तथ्यों की पुष्टि, विश्वसनीय स्रोत, समाचार के दोनों पक्षों को सामने रखना, गलती होने पर उसे सुधारना और जनहित को प्राथमिकता देना जरूरी है। उन्होंने सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर और पेशेवर पत्रकार के बीच अंतर स्पष्ट करने की आवश्यकता भी बताई।
कृष्ण मोहन झा ने सवाल उठाया कि पत्रकारिता के नाम पर होने वाले गैर-जिम्मेदाराना कार्यों की जवाबदेही किसकी होगी। उन्होंने बदलते मीडिया परिदृश्य को देखते हुए व्यापक Media Council के गठन पर विचार करने की आवश्यकता बताई। उनके अनुसार, ऐसी व्यवस्था का उद्देश्य पत्रकारिता की स्वतंत्रता को सीमित करना नहीं, बल्कि पेशेवर मानकों, नैतिकता और जवाबदेही को मजबूत करना होना चाहिए।
पत्रकारों के कल्याण पर भी चर्चा
पत्रकार कल्याण के मुद्दे पर कृष्ण मोहन झा ने कहा कि पत्रकारों से निर्भीक, निष्पक्ष और जिम्मेदार पत्रकारिता की अपेक्षा के साथ उनके सम्मान, सुरक्षा और सामाजिक-आर्थिक कल्याण के लिए संस्थागत प्रयास भी जरूरी हैं। उन्होंने पत्रकार संगठनों से पत्रकारिता की गुणवत्ता और विश्वसनीयता मजबूत करने के साथ पत्रकारों के कल्याण के लिए लगातार प्रयास करने का आह्वान किया।
BSPS के आंध्र प्रदेश अध्यक्ष वीरभद्र राव ने संगठन की ओर से पत्रकारों के कल्याण और सुरक्षा के लिए किए जा रहे कार्यों का उल्लेख किया। राष्ट्रीय महासचिव गिरिधर शर्मा ने कहा कि संगठन पत्रकारों की समस्याओं, पत्रकारों पर दर्ज मामलों, श्रमजीवी पत्रकारों से जुड़े नियमों और बीमार पत्रकारों को आर्थिक सहायता सहित विभिन्न मुद्दों पर काम कर रहा है।
पत्रकार संगठनों से एक मंच पर आने का आह्वान
BSPS के संस्थापक शाहनवाज हसन ने पत्रकार संगठनों से पत्रकार हितों की रक्षा के लिए एक मंच पर आने का आह्वान किया। उन्होंने डिजिटल मीडिया में गैर-जिम्मेदाराना गतिविधियों पर कार्रवाई और डिजिटल मीडिया से जुड़े नियमों को सख्ती से लागू करने की मांग दोहराई।
समारोह में नव्यांध्र जर्नलिस्ट्स वेलफेयर एसोसिएशन के तत्वावधान में पत्रकारिता की वर्तमान परिस्थितियों, डिजिटल मीडिया के बढ़ते प्रभाव, पत्रकार कल्याण, संगठनात्मक एकता और नैतिक पत्रकारिता की आवश्यकता पर विस्तृत विचार-विमर्श हुआ। आमंत्रित मुख्य अतिथि गृह मंत्री अपरिहार्य कारणों से कार्यक्रम में शामिल नहीं हो सके।
कार्यक्रम में विभिन्न पत्रकार संगठनों के प्रतिनिधियों और सदस्यों ने पत्रकारिता के बदलते स्वरूप, पेशेवर दायित्व, पत्रकारों के कल्याण और वर्तमान मीडिया परिदृश्य की चुनौतियों पर अपने विचार रखे। BSPS की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में डिजिटल युग में पत्रकारिता की विश्वसनीयता, नैतिकता और सामाजिक जवाबदेही से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हुई।
