Koderma News: संत सुयश सागर जी गुरुदेव के सानिध्य में भक्ति भाव से मनाया गया उत्तम आर्जव धर्म

कोडरमा: दशलक्षण महापर्व के तीसरे दिन झुमरी तिलैया में चातुर्मास कर रहे जैन संत सुयश सागर जी गुरुदेव के सानिध्य में जैन समाज के श्रद्धालुओं ने उत्तम आर्जव धर्म भक्ति भाव से मनाया। इस अवसर पर दोनों जैन मंदिरों में श्रद्धालुओं ने श्रद्धा एवं भक्ति के साथ उत्तम आर्जव धर्म की विधान पूजा की।
जैन संत सुयश सागर जी ने आर्जव धर्म पर प्रवचन देते हुए कहा कि धोखा, छल और मायाचारी से भरा जीवन मनुष्य को दुख की ओर ले जाता है। सच्चा सुख और शांति केवल सरलता में है। उन्होंने कहा कि हमारी आत्मा एक पवित्र द्रव्य है, लेकिन मोह और कषाय के कारण हमने अनादिकाल से अपने भीतर दुख पैदा किए हैं। इसके परिणामस्वरूप हम चारों गतियों में भटक रहे हैं।
उन्होंने कहा कि उत्तम आर्जव धर्म का दिवस आत्मा में कोमलता और सरलता के प्रवेश का समय है। बहाने बनाने और दूसरों को ठगने की मायाचारी छोड़कर अपनी आत्मा को निर्मल बनाने पर ध्यान देना चाहिए। मन, वचन और कर्म से किसी को दुख नहीं पहुंचाना चाहिए तथा जीवन में छल-कपट से दूर रहना चाहिए।
इसके पूर्व प्रातः दोनों जैन मंदिरों में श्रद्धालुओं ने उत्तम आर्जव धर्म की विधान पूजा की। केसरिया धोती-दुपट्टे में पुरुष एवं युवकों ने भगवान का अभिषेक और शांति धारा विश्व शांति मंत्रों के साथ की। विश्व शांति धारा का महामंत्र मुनि श्री सुयश सागर जी द्वारा कराया गया।
पंडाल परिसर में कुणाल ठोलिया एवं सिद्धांत सेठी के परिश्रम से गुरुदेव के सानिध्य में संस्कार शिविर भी सफलतापूर्वक चल रहा है। शिविर में शामिल श्रद्धालु ध्यान, योग और पूजा विधान की साधना के माध्यम से आत्मकल्याण में जुटे हैं।
बड़ा मंदिर में मूलनायक भगवान पार्श्वनाथ पर प्रथम अभिषेक एवं शांति धारा का सौभाग्य जय कुमार एवं मनीष गंगवाल परिवार को मिला। श्रीजी का विहार कराकर पांडुकशिला पर विराजमान करने एवं प्रथम अभिषेक का सौभाग्य अनूप, शैलेश एवं दीपक सेठी परिवार को मिला। भगवान की दूसरी ओर से शांति धारा एवं प्रथम अभिषेक का सौभाग्य आरजव पोपी गंगवाल परिवार को प्राप्त हुआ।
पंडाल परिसर में भगवान महावीर स्वामी का श्री विहार एवं प्रथम अभिषेक का सौभाग्य देवेश काला, केशव जैन रांची एवं रचित सेठी हजारीबाग परिवार को मिला। भगवान महावीर स्वामी की महाशांति धारा का सौभाग्य अनिल, शोभा, रौनक, आशिका एवं चिराग कासलीवाल परिवार को मिला। वहीं दूसरी ओर से भगवान की शांति धारा का सौभाग्य विनोद एवं सार्थक सेठी परिवार को प्राप्त हुआ।
पानी टंकी रोड स्थित नया मंदिर में भगवान की शांति धारा का सौभाग्य चुन्नीलाल एवं प्रदीप छाबड़ा परिवार को मिला। भगवान की दूसरी ओर से शांति धारा का सौभाग्य जुगल किशोर, संदीप, संजय एवं आशीष सेठी परिवार को प्राप्त हुआ। भगवान आदिनाथ की बेदी पर शांति धारा करने का सौभाग्य तन्मय, हृदय एवं प्रवीण पाटनी परिवार को मिला।
जैन समाज के मीडिया प्रभारी नवीन जैन एवं राजकुमार अजमेरा ने बताया कि संध्या में छत्तीसगढ़ से आईं बिट्टू दीदी का प्रवचन होगा। इसके साथ ही विरागोदय चातुर्मास कमेटी द्वारा भव्य आरती एवं जैन महिला-बालिका समाज की ओर से ‘उपसर्ग से उत्कर्ष’ नाटक का मंचन किया जाएगा।
