Koderma News: खेलो झारखंड में राज्य स्तर के लिए चयनित एनसीसी कैडेट विक्रम कुमार सम्मानित

कोडरमा: 10 दिवसीय संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर के दौरान खेलो झारखंड प्रतियोगिता की जिला स्तरीय 400 मीटर रिले रनिंग में आरके प्लस टू हाई स्कूल, कोडरमा के छात्र एवं 45 झारखंड बटालियन एनसीसी के कैडेट विक्रम कुमार ने तीसरा स्थान हासिल कर राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए अपना स्थान सुनिश्चित किया। उनकी इस उपलब्धि से कोडरमा जिले के साथ-साथ 45 झारखंड बटालियन एनसीसी में भी हर्ष का माहौल है।

कैडेट विक्रम कुमार की उपलब्धि पर 45 झारखंड बटालियन एनसीसी के कमांडिंग ऑफिसर कर्नल पारस लिंबू, कीर्ति चक्र ने उन्हें मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर कर्नल पारस लिंबू ने कहा कि विक्रम कुमार ने अपनी मेहनत, अनुशासन और खेल के प्रति समर्पण से यह उपलब्धि हासिल की है। राज्य स्तर के लिए चयनित होना उसके लिए महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने विक्रम को इसी लगन और अनुशासन के साथ आगे बढ़ने तथा राज्य स्तर पर भी बेहतर प्रदर्शन करने का प्रयास करने की सलाह दी।

उन्होंने कहा कि विद्यार्थी के जीवन में खेल केवल प्रतियोगिता जीतने का माध्यम नहीं है, बल्कि इससे अनुशासन, आत्मविश्वास, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता का विकास होता है। उन्होंने विक्रम की सफलता में उसके माता-पिता और शिक्षकों के आशीर्वाद को भी महत्वपूर्ण बताया।

कर्नल पारस लिंबू ने कहा कि एनसीसी कैडेटों के लिए ऐसी उपलब्धियां पूरी बटालियन के लिए गर्व का विषय हैं। विक्रम की सफलता अन्य कैडेटों को भी खेल और एनसीसी की गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित करेगी।

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More