Koderma News: मॉडर्न पब्लिक स्कूल में POCSO जागरूकता पर नुक्कड़ नाटक, छात्रों को बताए सुरक्षित रहने के उपाय

कोडरमा: मॉडर्न पब्लिक स्कूल, झुमरी तिलैया में बच्चों की सुरक्षा को लेकर POCSO अधिनियम पर विशेष जागरूकता कार्यक्रम, टॉक शो और नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बच्चों को सरल और संवेदनशील तरीके से गुड टच-बैड टच, अनजान लोगों से सतर्क रहने, अपनी बात बेझिझक बड़ों से साझा करने और 1098 चाइल्ड हेल्पलाइन के बारे में जानकारी दी गई।
छात्रों द्वारा प्रस्तुत नुक्कड़ नाटक के माध्यम से संदेश दिया गया कि हर बच्चे को अपने अधिकारों की जानकारी होनी चाहिए। किसी भी स्थिति में असुरक्षित महसूस होने पर बच्चे को तुरंत अपने शिक्षक और माता-पिता को इसकी जानकारी देनी चाहिए।
इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य गुरु चरण वर्मा ने कहा कि बच्चों की सुरक्षा सबसे पहली जिम्मेदारी है। POCSO कानून के बारे में हर बच्चे और अभिभावक को जागरूक होना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि उद्देश्य बच्चों को डराना नहीं, बल्कि उन्हें इतना जागरूक और मजबूत बनाना है कि वे सही और गलत में अंतर समझ सकें। यदि बच्चा सुरक्षित है, तभी उसका भविष्य सुरक्षित है।
विद्यालय की निर्देशिका संगीता शर्मा ने कहा कि एक अच्छे विद्यालय की पहचान केवल अच्छे अंकों से नहीं, बल्कि बच्चों की सुरक्षा और संस्कारों से भी होती है। उन्होंने कहा कि POCSO जैसी जानकारी आज के समय में हर बच्चे के लिए जीवन रक्षा कवच के समान है। उन्होंने अभिभावकों से भी अपील की कि वे घर में बच्चों से खुलकर बातचीत करें और उन्हें यह भरोसा दिलाएं कि वे हमेशा उनके साथ हैं।
कार्यक्रम का सफल संचालन विद्यालय की शिक्षिका कोमल घोष ने किया। इस अवसर पर विद्यालय के सभी छात्र-छात्राएं, शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं पूरा विद्यालय परिवार उपस्थित रहा।
