Palamu News: अमित जायसवाल बने झारखंड चेंबर ऑफ कॉमर्स पलामू प्रमंडल के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष

पलामू: फेडरेशन ऑफ झारखंड चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के सत्र 2026-27 के लिए रविवार को रांची के हरमू रोड स्थित मारवाड़ी भवन में हुए चुनाव में पलामू के छतरपुर पूर्वी जिला परिषद सदस्य अमित कुमार जायसवाल ने पलामू प्रमंडल के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष पद पर जीत दर्ज की। अमित को 59 मत मिले, जबकि उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी को 30 मत प्राप्त हुए। इस तरह उन्होंने 29 मतों के अंतर से जीत हासिल की।
अमित की जीत की खबर मिलते ही छतरपुर क्षेत्र में समर्थकों और शुभचिंतकों में खुशी की लहर दौड़ गई। लोगों ने उन्हें बधाई देते हुए कहा कि क्षेत्रीय उपाध्यक्ष बनने से पलामू प्रमंडल के व्यापारियों और उद्यमियों की समस्याओं को राज्य स्तर पर मजबूती से उठाने का अवसर मिलेगा।
अमित के पिता एवं पर्यावरणविद डॉ. कौशल किशोर जायसवाल ने कहा कि अमित ने अपने राजनीतिक और सामाजिक जीवन में लगातार सफलता हासिल की है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2010 में शादी से पहले अमित डाली पंचायत के मुखिया चुने गए थे और सामान्य सीट से प्रदेश के सबसे कम उम्र के मुखिया बने थे। वर्ष 2015 में सामान्य सीट से उन्होंने सबसे अधिक मतों के अंतर से लगातार दूसरी बार मुखिया का चुनाव जीता। वर्ष 2022 में क्षेत्र की 10 पंचायतों के लोगों ने उन्हें छतरपुर पूर्वी से जिला परिषद सदस्य चुना। अब तीन जिलों के व्यवसायियों ने उन्हें चैंबर का क्षेत्रीय उपाध्यक्ष चुना है।
डॉ. कौशल किशोर जायसवाल ने कहा कि अमित ने जीवन में चार चुनाव लड़े और चारों में जीत दर्ज की है। उन्होंने इसे ‘जीत का चौका’ बताते हुए कहा कि यह सफलता अमित की मेहनत, जनता के विश्वास और मिले संस्कारों का परिणाम है।
क्षेत्रीय उपाध्यक्ष के रूप में अमित के सामने व्यापारियों की समस्याओं को सरकार और संबंधित विभागों तक पहुंचाने, व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा देने तथा पलामू प्रमंडल के व्यवसायियों के हितों को मजबूती से रखने की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी होगी।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष से मिले अमित
चैंबर चुनाव में प्रमंडलीय उपाध्यक्ष निर्वाचित होने के बाद अमित कुमार जायसवाल ने पर्यावरणविद डॉ. कौशल किशोर जायसवाल के साथ भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू से कुजू स्थित उनके आवास पर मुलाकात की। इस दौरान अमित एवं डॉ. कौशल किशोर जायसवाल ने बुके, अंगवस्त्र और हिमाचल का कपूर का पौधा भेंट कर आदित्य साहू का स्वागत किया। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने अमित कुमार जायसवाल को चुनाव में जीत की बधाई देते हुए उनके सामाजिक एवं अन्य कार्यों की सराहना की। इस मौके पर अरविंद जायसवाल, मिट्ठू सिंह, अजीत गुप्ता और मोनू कुमार भी मौजूद थे।
